अक्षय कुमार और मल्टीस्टारर फिल्म ‘Housefull 5’ ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। रिलीज के महज चार दिनों में इस कॉमेडी थ्रिलर ने 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया है। यह साल 2025 की सबसे तेज 100 करोड़ कमाने वाली फिल्म बन गई है, जिसने अपने दमदार कलेक्शन से कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
ड्यूल क्लाइमेक्स के साथ दो वर्जन में रिलीज हुई हाउसफुल 5 को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। पहले ही दिन 24 करोड़ की धमाकेदार ओपनिंग करने के बाद फिल्म ने शनिवार को 31 करोड़ और रविवार को 32.5 करोड़ का कारोबार किया। सिर्फ तीन दिन में फिल्म का कुल कलेक्शन 87.5 करोड़ पर पहुंच गया। रिलीज के चौथे दिन भी फिल्म (Housefull 5) ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा। सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, हाउसफुल 5 ने पहले मंडे को 13.5 करोड़ की कमाई की है, जिससे फिल्म का कुल कलेक्शन 101 करोड़ के पार पहुंच गया है।

Housefull 5: पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त, ‘सिकंदर‘ पर नजर
100 करोड़ क्लब में एंट्री के साथ हाउसफुल 5 ने पहले ही कई फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। इसने जाट (90.34 करोड़) और केसरी 2 (94.37 करोड़) के लाइफटाइम कलेक्शन को मात दे दी है। अब यह साल 2025 की पांचवी सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म बन चुकी है। फिल्म का अगला टारगेट है सिकंदर, जिसने 129.95 करोड़ की कमाई की थी। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि बुधवार तक हाउसफुल 5 इस आंकड़े को भी पार कर लेगी।

बजट और स्टार कास्ट भी हैं बड़ी वजह
करीब 225 करोड़ रुपये के बजट में बनी हाउसफुल 5 (Housefull 5) को तरुण मनसुखानी ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ रितेश देशमुख, अभिषेक बच्चन, श्रेयस तलपड़े, संजय दत्त, जैकी श्रॉफ, नाना पाटेकर, जैकलीन फर्नांडिज, नगरिस फाखरी और सोनम बाजवा जैसे दिग्गज कलाकार नजर आ रहे हैं। मजेदार स्क्रिप्ट, मल्टीस्टार कास्ट और ड्यूल क्लाइमेक्स जैसी यूनिक अप्रोच की वजह से फिल्म को न केवल दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है, बल्कि यह सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है।

फिल्म इंडस्ट्री के लिए राहत की खबर
जहां हाल ही में कई बड़ी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी हैं, वहीं हाउसफुल 5 की सफलता ने इंडस्ट्री को नई उम्मीद दी है। अगर यही रफ्तार बनी रही, तो यह फिल्म जल्द ही 150 करोड़ क्लब में भी एंट्री कर सकती है।