फ्रूट कस्टर्ड एकदम आसानी से बनाया जाने वाला स्वादिष्ट और पौष्टिक डिजर्ट है। इस रेसिपी में, गाढ़ा और क्रिमी मिल्क कस्टर्ड बनाने के लिए वेनिला फ्लेवर का रेडीमेड कस्टर्ड पाउडर और मीठे फलो का उपयोग किया गया है। चाहे इसे किसी खास अवसर पर बनाईये या घर में जब भी कुछ फल बच जायें, तब बना लीजिये।
आवश्यक सामग्री-
अंगूर – 200 ग्राम
अनार – 1
आम – 1
सेब – 1
क्रीम – 1 कप (लगभग 200 ग्राम)
चीनी – 3/4 कप (150 ग्राम)
वनीला कस्टर्ड – 1/4 कप से थोड़ा सा ज्यादा
दूध – 1 लीटर (फुल क्रीम मिल्क)
सम्पूर्ण विधि-
किसी बर्तन में दूध को उबलने के लिये गैस पर रख दीजिये, थोड़ा दूध लगभग 3/4 कप ठंडा दूध बचा लीजिये। बचे हुये ठंडे दूध में कस्टर्ड पाउडर डालकर अच्छी तरह तब तक घोलिये कि कस्टर्ड की गुठलियां खतम हो जाये। दूध में उबाल आने के 4-5 मिनिट तक दूध को उबलने के बाद, कस्टर्ड घोल डालते जाइयेऔर दूध को चमचे से चलाते जाइये, इसके बाद सारा कस्टर्ड घोल डालकर अच्छी तरह मिक्स कर दीजिये चीनी भी डाल दीजिये। कस्टर्ड को दूध के साथ लगातार चलाते हुये, 7-8 मिनिट तक गाढ़ा होने तक पका लीजिये।
फ्रूट्स में आम और सेब को छील कर छोटे-छोटे टुकड़े में काट कर तैयार कर लीजिये, अनार को छील कर दाने निकाल लीजिये। अंगूर को डंठल से तोड़कर अलग कर लीजिये। पके हुये कस्टर्ड को ठंडा होने के बाद उसमें, तैयार कटे फ्रूट और क्रीम डालकर मिक्स कर दीजिये। तैयार फ्रूट कस्टर्ड को 2-3 घंटे के लिये रेफ्रिजीरेट कर दीजिये। ठंडा होने के बाद फ्रूट कस्टर्ड का स्वाद बहुत अच्छा हो जाता है।
ठंडा ठंडा स्वादिष्ट कस्टर्ड लन्च या डिनर किसी भी खाने के बाद, या आपका कुछ ठंडा और मीठा खाने का मन हो तो सर्व कीजिए और खाइये।
Anupama Dubey

