India-US Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से अटकी व्यापारिक बातचीत आखिरकार निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच सोमवार को हुई फोन बातचीत के बाद India-US Trade Deal पर सहमति बन गई है। इस समझौते के तहत अमेरिका ने भारत पर लगाए गए ऊंचे टैरिफ में बड़ी कटौती करते हुए इसे घटाकर 18 प्रतिशत करने का ऐलान किया है। खुद राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर इसकी जानकारी साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी की खुलकर तारीफ की।
India-US Trade Deal: 18 प्रतिशत अमेरिकी टैरिफ लागू
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पोस्ट में पीएम मोदी को अपना मित्र बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच आपसी सम्मान और मित्रता के चलते तत्काल प्रभाव से व्यापार समझौते (India-US Trade Deal) पर सहमति बनी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब भारत पर 25 प्रतिशत नहीं, बल्कि केवल 18 प्रतिशत अमेरिकी टैरिफ लागू होगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भारत अमेरिकी उत्पादों पर अपने टैरिफ को शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
हालांकि, भारत पर टैरिफ को लेकर पहले से जारी भ्रम भी इस बातचीत के बाद काफी हद तक दूर हो गया है। दरअसल, पहले अप्रैल में भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाया गया था, जिसे बाद में रूस से तेल खरीद को लेकर दोगुना कर 50 प्रतिशत कर दिया गया था। अब अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने साफ किया है कि ट्रंप-मोदी वार्ता के बाद (India-US Trade Deal) भारत पर अंतिम रूप से 18 प्रतिशत ही टैरिफ लागू होगा। उन्होंने यह भी कहा कि कागजी प्रक्रिया और तकनीकी औपचारिकताओं में थोड़ा समय लग सकता है, लेकिन फाइनल दर 18 प्रतिशत ही रहेगी।
इस व्यापार समझौते के साथ-साथ ऊर्जा नीति भी चर्चा का बड़ा विषय रही। अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि भारत भविष्य में रूस से तेल की खरीद कम करेगा और इसके बदले अमेरिका तथा संभवतः वेनेजुएला से अधिक तेल और गैस खरीदेगा। ट्रंप के मुताबिक, ट्रेड डील का एक अहम आधार ऊर्जा सहयोग, भू-राजनीति और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े मुद्दे भी हैं।
टैरिफ कटौती के ऐलान के साथ ही डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि इस समझौते से ‘बाय अमेरिकन’ नीति को बढ़ावा मिलेगा। उनका दावा है कि आने वाले समय में भारत-अमेरिका (India-US Trade Deal) से 500 अरब डॉलर से अधिक के ऊर्जा, तकनीक, कृषि उत्पाद, कोयला और अन्य सामान खरीदेगा।
राष्ट्रपति ट्रंप की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया दी। पीएम मोदी ने लिखा कि राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके अच्छा लगा और ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत करने के फैसले (India-US Trade Deal) के लिए उन्होंने 1.4 अरब भारतीयों की ओर से धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और सबसे बड़े लोकतंत्र साथ काम करते हैं, तो अपार अवसर पैदा होते हैं। उन्होंने वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व को भी अहम बताया।

