फ़्रांस सरकार अपने देश में एचआईवी संक्रमण रोकने के लिया नया फ़ॉर्मूला अपना रही है। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रो ने 18 से 25 वर्ष के युवाओं को फ्री कंडोम बांटने की घोषणा की है। फ़्रांस सरकार 2030 तक फ़्रांस को नए एचआईवी मामलों से मुक्त करने का लक्ष्य रखा है। जनवरी 2023 से युवाओं को फ्रांस में कंडोम खरीदने के पैसे नहीं देने होंगे। इस फैसले की वजह फ्रांस में एड्स और दूसरे सेक्सुअली ट्रांसमिटेड इंफेक्शन (एसटीआई) को फैलने से रोकना है। साथ ही अनचाही प्रेग्नेंसी पर भी लगाम लगाना है।
मैक्रों ने 2030 तक फ्रांस को ‘नए एचआईवी मामलों से मुक्त’ करने का लक्ष्य रखा है। फ्रांस में 2020 और 2021 में सेक्सुअली ट्रांसमिटेड इन्फेक्शन के मामलों में 30 फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई थी। वहीं 2021 में एचआईवी के करीब 5000 नए मामले रिकॉर्ड किए गए थे।
26 वर्ष तक की महिलाओं को गर्भ निरोधक फ्री
इसी साल सरकार ने 26 साल तक की सभी महिलाओं के लिए गर्भनिरोधक फ्री कर दिए थे। जिससे कोई लड़की या महिला पैसे ना होने के कारण गर्भनिरोधक से वंचित ना रहे। इसका फायदा करीब 30 लाख लड़कियों और महिलाओं को मिलेगा। इससे पहले 18 साल से कम उम्र की लड़कियों को ही गर्भनिरोधक फ्री में मिलते थे। फ्रांस में एसटीआई पर लगाम लगाने के लिए और भी कई स्वास्थ्य अभियान चलाए जा रहे हैं। फ्रांस में युवा एसटीआई होने की आशंका होने पर फ्री में जांच करा सकते हैं।
राष्ट्रपति मैक्रों ने इसे रोकथाम की दिशा में एक छोटी क्रांति बताया है। मैक्रों ने कहा कि फ्रांस यौन शिक्षा के मामले में बहुत अच्छा नहीं है। हकीकत थ्योरी से बहुत अलग होती है। इस क्षेत्र में हमें लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। पिछले साल हुई एक स्टडी में सामने आया था कि फ्रांस में हर चार में एक युवा नए साथी के साथ संबंध बनाते समय कंडोम का प्रयोग बिल्कुल नहीं करते हैं या कभी-कभी ही करते हैं।