Holiday: लखनऊ से जारी एक बड़े प्रशासनिक फैसले के तहत उत्तर प्रदेश सरकार ने मकर संक्रांति के अवकाश की तारीख बदल दी है। अब प्रदेश में मकर संक्रांति पर 15 जनवरी 2026 (गुरुवार) को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इस दिन सचिवालय, बैंक, कोषागार और सभी सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे।
पहले मकर संक्रांति के मौके पर 14 जनवरी को सिर्फ निर्बंधित (Restricted) अवकाश घोषित था, जिसमें कर्मचारियों को वैकल्पिक छुट्टी मिलती थी, लेकिन अब इसे बदलकर राज्यव्यापी सार्वजनिक अवकाश कर दिया गया है।
प्रमुख सचिव (सामान्य प्रशासन) एस.वी.एस. रंगा राव द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 17 नवंबर 2025 को जारी वर्ष 2026 की अवकाश (Holiday) सूची में संशोधन करते हुए मकर संक्रांति का अवकाश बदला गया है।
अब 15 जनवरी 2026 (गुरुवार) को निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट, 1881 के तहत सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस दिन सभी सरकारी कार्यालय, सचिवालय, बैंक, कोषागार और न्यायालयों के प्रशासनिक कार्यालय बंद (Holiday) रहेंगे।
Holiday: क्यों बदली गई तारीख?
इस वर्ष सूर्य 14 जनवरी की रात 9:39 बजे मकर राशि में प्रवेश कर रहा है। शास्त्रों के अनुसार जब संक्रांति रात में होती है तो उसका पुण्यकाल अगले दिन सूर्योदय से माना जाता है। इसी कारण मकर संक्रांति का वास्तविक पर्व और स्नान–दान 15 जनवरी को होगा, और उसी दिन छुट्टी दी गई है।

