Varanasi: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को वाराणसी में आयोजित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर राजनीति कर रही है, जबकि उसने हमेशा अंबेडकर का अपमान किया है।
Varanasi में मौर्य बोले – कांग्रेस बाबा साहब के अंतिम संस्कार में भी नहीं हुई शामिल
डिप्टी सीएम मौर्य ने कहा कि कांग्रेस ने न केवल डॉ. अंबेडकर के योगदान को नजरअंदाज किया, बल्कि उनके निधन के बाद उनके अंतिम संस्कार में भी भाग नहीं लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि संविधान सभा में भीमराव अंबेडकर को पश्चिम बंगाल से चुनाव लड़कर क्यों आना पड़ा। मौर्य ने यह भी बताया कि जब वीपी सिंह के नेतृत्व में भाजपा के समर्थन से सरकार बनी, तब अंबेडकर के जन्मस्थान को स्मारक में परिवर्तित करने का कार्य किया गया।
भाजपा ने हमेशा किया अंबेडकर का सम्मान: केशव
मौर्य ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा डॉ. अंबेडकर का सम्मान किया है और उनके विचारों को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों, पिछड़ों, और दलितों के उत्थान के लिए काम कर रही है, जबकि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है।
केशव मौर्य ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस केवल डॉ. अम्बेडकर की ही दुश्मन नहीं है।वह दलितों, पिछड़ों व वंचितों की भी दुश्मन है, और उसका हिस्सा सपा और बसपा भी है। इन्होंने विरोध के नाम पर गृहमंत्री अमित शाह के बयान का कुछ हिस्सा निकालकर उसे तोड़-मरोड़ कर पेश किया है। कांग्रेस के लोग रंगे सियार की तरह नीली टी-शर्ट और नीली साड़ी पहन रहे हैं, उससे न तो दलितों को और न ही पिछड़ों को भरमा सकते हैं। वह सभी भाजपा सरकार के साथ हैं। हमारी सरकार में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से मुक्त हुए हैं।
गरीबों के लिए भाजपा सरकार की उपलब्धियां
डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है।
- गरीबी रेखा से बाहर आए 25 करोड़ लोग: मौर्य ने बताया कि भाजपा की योजनाओं की वजह से 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए।
- प्रधानमंत्री जनधन योजना: 55 करोड़ बैंक खाते खोलकर योजनाओं का लाभ सीधे गरीबों तक पहुंचाया गया।
- स्वच्छ भारत अभियान: हर घर में शौचालय बनाकर स्वच्छता को बढ़ावा दिया गया।
- प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्न कल्याण योजना: गरीबों को घर और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया गया।
महाकुंभ 2025 के लिए आमंत्रण
महाकुंभ 2025 को लेकर मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और दुनिया के राजदूतों को इस महापर्व में शामिल होने का न्योता दिया है। उन्होंने कहा कि यह भारतीय संस्कृति का हिस्सा है कि हर किसी को इस आयोजन में आमंत्रित किया जाए।
Highlights
अखिलेश यादव और कानून व्यवस्था पर टिप्पणी
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए मौर्य ने कहा कि उनकी विचारधारा राज्य के विकास और जनता के हितों के खिलाफ है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के शासन में उत्तर प्रदेश में सुदृढ़ कानून व्यवस्था है। अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाता, चाहे वे पाताल में क्यों न छिपे हों।