कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने दावा किया है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनेगी। खडगे मंगलवार को नागालैंड में एक रैली को संबोधित कर रहे थे। खडगे ने कहा कि भले ही 100 मोदी शाह आ जाएं, सरकार तो कांग्रेस की ही बनेगी।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा- ‘2024 में कांग्रेस की अगुवाई में विपक्ष भाजपा को हटा देगा। इस बारे में हम दूसरी पार्टियों से भी बातचीत कर रहे हैं। देश से लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना ज़रूरी है। प्रधानमंत्री एक ऑटोक्रेट की तरह काम कर रहे हैं।
जिन्होंने मोदी को चुना, 2024 में वही सबक सिखाएंगे
खड़गे ने कहा, ‘मोदी अक्सर कहते हैं कि वो अकेले इंसान हैं, जो देश का सामना करते हैं। इस देश में कोई दूसरा इंसान उन्हें छू नहीं सकता है। कोई लोकतांत्रिक व्यक्ति ऐसा नहीं कह सकता है। आपको ये याद रखना चाहिए कि आप लोकतंत्र में हैं। आप तानाशाह नहीं हैं। आपको लोगों ने चुना है और आपको चुनने वाले लोग 2024 में आपको सबक सिखाएंगे।’
हम संविधान और लोकतंत्र के साथ चलेंगे
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘गठबंधन की सरकार केंद्र में आएगी और कांग्रेस अगुआई करेगी। हम दूसरी पार्टियों से बात कर रहे हैं। हम लोगों से बातचीत कर रहे हैं, उनसे अपने आइडिया शेयर कर रहे हैं। हम ये बात कर रहे हैं कि किस तरह से 2024 का चुनाव जीतें। अब भाजपा बहुमत में नहीं आएगी। दूसरी पार्टियों को साथ लाकर कांग्रेस की अगुआई में हमें बहुमत मिलेगा। हम संविधान और लोकतंत्र के साथ चलेंगे।’
कांग्रेस के लोगों ने आजादी के लिए जान दी, भाजपा ने नहीं
खड़गे ने कहा, ‘100 मोदी और शाह आ जाएं, ये हिंदुस्तान है। हमारे लोगों ने आजादी के लिए अपनी जिंदगी दी है। कांग्रेस के लोगों ने जान दी है। भाजपा के लोगों ने नहीं दी। एक भाजपा का आदमी बता दो जिसने आजादी की लड़ाई लड़ी हो, जेल गया हो।’
गांधी को इन्होंने मार डाला
उन्होंने कहा, ‘जो आदमी आजादी के लिए लड़ रहा था।। महात्मा गांधी, उन्हें इन लोगों मार दिया। ऐसे लोग देशभक्ति की बात कर रहे हैं। हमें सिखा रहे हैं, जिन्होंने अपनी जान दी। देश की एकता के लिए इंदिराजी ने, राजीव गांधी ने अपनी जिंदगी दी। भाजपा में किसने अपनी जान दी। उन्हें लगता है कि 2014 में ही आजादी आई है, उन्हें 1947 याद नहीं है।’