वाराणसी। विश्व जल दिवस के अवसर पर बुधवार को जल संरक्षण के संदेश को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर संकटमोचन फाउंडेशन के ओर से तुलसीघाट पर जनसभा का भी आयोजन किया गया। फाउंडेशन के सदस्यों ने मानव श्रृंखला बनाकर लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया। इस दौरान लोगों से जल संरक्षण की अपील भी की गई।

आयोजित जनसभा में वक्ताओं ने जल के महतवपूर्ण स्त्रोत गंगा के अविरल व निर्मल करने के लिए जागरूकता का सन्देश दिया, वहीँ बच्चों के हाथों में ‘जल ही जीवन है’ जैसे वाक्यों से जागरूक किया गया।
तुलसी घाट पर विश्व जल दिवस के अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए संकट मोचन फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रोफ़ेसर विशंभर नाथ मिश्र ने कहा कि मां गंगा के प्रति हमें संवेदनशील बनना होगा, तभी मां गंगा प्रदूषण मुक्त होंगी। उन्होंने कहा कि गंगा में प्रतिदिन 300 एमएलडी मल-जल बिना शोधित किए जा रहा है और हमें बताया जा रहा है कि मां गंगा स्वच्छ एवं निर्मल हो गई है। हमें इसके प्रति खुद भी जागरूक होकर दूसरों को भी जागरूक करना है।

