Mau: घोसी कस्बा उस समय सुर्खियों में आ गया जब थाईलैंड की महारानी सुथिदा अचानक अपने संक्षिप्त दौरे पर यहाँ पहुँचीं। विदेशी मेहमान के आगमन से क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया और आम लोगों में उन्हें देखने की उत्सुकता दिखाई दी। महारानी के भ्रमण को लेकर सुरक्षा के दृष्टिगत घोसी कोतवाली पुलिस पूरी तरह सतर्क रही।
सादगी और सहजता से भरे अंदाज़ में पहुँची महारानी सुतिदा ने स्थानीय बाजार का भ्रमण किया और घोसी (Mau) के आम जनजीवन को नज़दीक से देखा। इस दौरान उन्होंने स्थानीय दुकानों पर रुककर घोसी के प्रसिद्ध व्यंजनों घाटी, समोसा और जलेबी का स्वाद लिया। पारंपरिक स्वाद चखते हुए महारानी ने प्रसन्नता व्यक्त की जिससे वहाँ मौजूद दुकानदार और स्थानीय लोग खास उत्साहित नजर आए।
Mau: महारानी का सरल व्यवहार देख प्रसन्न हुए लोग
इसके बाद महारानी ने बाजार (Mau) में ताजे फलों की खरीदारी की। उन्होंने संतरा, पपीता और अंगूर खरीदे साथ ही मूंगफली भी ली। खरीदारी के दौरान महारानी ने दुकानदारों से संवाद कर स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता, ताजगी और उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। महारानी का सरल व्यवहार और अपनापन देखकर दुकानदारों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
महारानी सुथिदा का यह संक्षिप्त लेकिन आत्मीय दौरा घोसी (Mau) के लोगों के लिए यादगार बन गया। स्थानीय नागरिकों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया और कहा कि इस प्रकार का दौरा घोसी की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने वाला है

