Mauritius PM: पहली बार काशी में एक ऐतिहासिक राजनयिक मुलाकात होने जा रही है। 11 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने समकक्ष मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। यह बैठक खास इसलिए भी मानी जा रही है क्योंकि अब तक किसी विदेशी प्रधानमंत्री की द्विपक्षीय वार्ता दिल्ली या अन्य महानगरों में होती रही है, लेकिन पहली बार काशी इस बड़े आयोजन का गवाह बनेगा।
मॉरीशस (Mauritius PM) के पीएम 9 सितंबर से 15 सितंबर तक भारत यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान 11 सितंबर को उनका वाराणसी आगमन प्रस्तावित है। यहां वह पीएम मोदी के साथ वार्ता करेंगे, जिसमें व्यापार, प्रौद्योगिकी, पर्यटन और औद्योगिक विकास जैसे अहम मुद्दों पर गहन चर्चा होगी। यह मुलाकात चार महीने बाद हो रही है। गौरतलब है कि इससे पहले 11 मार्च को पीएम मोदी मॉरीशस की दो दिवसीय यात्रा पर गए थे।
भव्य स्वागत की तैयारी
वाराणसी पहुंचने पर बाबतपुर एयरपोर्ट पर मॉरीशस के प्रधानमंत्री (Mauritius PM) का गार्ड ऑफ ऑनर और पारंपरिक सांस्कृतिक स्वागत किया जाएगा। जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरे कार्यक्रम को लेकर अलर्ट पर हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने उनके स्वागत और ठहराव के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं।
Mauritius PM: सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम
नवीनचंद्र रामगुलाम अपने प्रवास के दौरान काशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा कालभैरव मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके अलावा वह सारनाथ, बीएचयू का भारत कला भवन और गंगा आरती में भी शामिल होंगे। काशी की संस्कृति और परंपरा से परिचय कराने के लिए कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
यूपी सरकार की ओर से रात्रिभोज
इस खास अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से एक भव्य रात्रिभोज का आयोजन किया जाएगा। इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार के कई मंत्री भी शामिल होंगे। केंद्र सरकार ने मंडलायुक्त एस. राज लिंगम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। उन्हें संपूर्ण प्रोटोकॉल, स्वागत और कार्यक्रमों के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्थल चयन और सुरक्षा इंतजामों पर तेजी से काम हो रहा है।
यह पहली बार होगा जब काशी की धरती पर किसी विदेशी प्रधानमंत्री और भारतीय प्रधानमंत्री के बीच औपचारिक द्विपक्षीय बैठक होगी। इसे भारत और मॉरीशस (Mauritius PM) के संबंधों को नए आयाम देने वाली महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।

