- अल्पसंख्यकों को जोड़ने के लिए फ्रंटल संगठन को दी गयी जिम्मेदारी
जितेंद्र श्रीवास्तव
Modi Mitra: मिशन-2024 की तैयारियों में जुटी भाजपा ने अपने अभियानों को और तेज कर दिया है। पार्टी हर स्तर पर अपने अभियान की समीक्षा कर रही है और कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर रही है। अब पार्टी ने ‘मोदी मित्र’ अभियान को भी तेज करना शुरू कर दिया है। इस अभियान के तहत पार्टी का लक्ष्य अल्पसंख्यक वर्ग को जोड़ना है। अल्पसंख्यकों को जोड़ने के लिए फ्रंटल संगठन को जिम्मेदारी दी गयी है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने इस बाबत प्रदेश के समस्त क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला व महानगर अध्यक्ष को पत्रक भेज दिया है।
मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने इस संबंध (Modi Mitra) में पत्र जारी कर लिखा है कि देश के प्रधानमंत्री के योजनाओं एवं पार्टी के विचारधारा को समाज की अंतिम आदमी तक पहुंचाने के लिए समाज के गैर राजनीतिक व्यक्तियों को ‘मोदी मित्र’ बनाकर उनको प्रधानमंत्री से जोड़ने का काम शुरू किया गया है। इस अभियान में प्रत्येक लोकसभा में पांच हजार ‘मोदी मित्र’ बनाने का निर्णय लिया गया है।
Modi Mitra: बनाए जाएंगे 30 सह प्रभारी
अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की तरफ से जारी पत्र में बताया गया है, ‘इस अभियान (Modi Mitra) में लोकसभा प्रभारी एवं लोकसभा के अंदर आने वाली प्रत्येक विधानसभा में सह प्रभारी के साथ 30 से सह-प्रभारी नियुक्त करना है। एक विधानसभा से सह-प्रभारी के माध्यम से 30 ‘मोदी मित्र’ बनाने हैं।’ उन्होंने पत्र के अंत में पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा है कि इस अभियान को सफल बनाने में अपना संपूर्ण योगदान दें।
दरअसल, इस अभियान के तहत भाजपा केंद्र की मोदी सरकार की योजनाओं के संबंध में जानकारी हर व्यक्ति तक पहुंचाना चाहती है। यानी पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखते हुए लोगों से जनसंपर्क अभियान को भी गति देना चाहती है। पार्टी ‘मोदी मित्र’ अभियान के तहत अपने बीते करीब नौ साल के कामों की जानकारी जनता तक पहुंचाना चाहती है।