उत्तर प्रदेश (UP) में इस बार मानसून पूरी तरह मेहरबान नजर आ रहा है। लगातार बारिश के चलते नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर बुधवार सुबह 8 बजे तक 59.30 मीटर तक पहुंच गया। सेंट्रल वॉटर कमीशन की रिपोर्ट के मुताबिक, गंगा का जलस्तर हर घंटे करीब 20 मिलीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा है, जिससे तटीय इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ गई है।
UP के 29 जिलों में अलर्ट
उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश के कारण नदियों में उफान है। इसका असर यूपी के अमरोहा तक देखा जा रहा है, जहां गंगा नदी का पानी तिगरी गंगा घाट पर चढ़ आया है। घाट किनारे बसे पुरोहितों की झोपड़ियां पानी में डूब गई हैं।
इधर, मौसम विभाग ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। UP के 29 जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।