Munna Bajrangi Gang: वाराणसी के बड़ागांव थाना अंतर्गत फत्तेपुर गांव में रिटायर्ड फौजी अरविन्द सिंह पर जानलेवा हमले के मामले में तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं उनका एक साथी अभी भी फरार है। उनके पास से लाइसेंसी असलहा, पिस्टल, राइफल स्कोप, कारतूस के जखीरे जैसी कई आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की गई हैं। पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस गैंग का सरगना राहुल सिंह बागपत जेल में मारे गए यूपी के कुख्यात रहे प्रेम प्रकाश सिंह उर्फ़ मुन्ना बजरंगी का करीबी है। जिसके बाद पुलिस के होश उड़ गए।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ठेकेदारी करने वाला राहुल सिंह मुन्ना बजरंगी गिरोह [Munna Bajrangi Gang] का करीबी है। इसके अलावा सत्ता पक्ष में भी उसकी पकड़ है। जिसके कारण पुलिस उसके अपराधिक रिकॉर्ड नहीं खोल रही है। इसने वर्तमान ब्लाक प्रमुख नूतन सिंह के पति दीपक सिंह के बारे में कई चौकाने वाले राज खोले हैं।
Munna Bajrangi Gang: कभी एक ही थाली में खाते थे दोनों
रिटायर्ड फौजी अरविंद सिंह से उसका जमीनी विवाद एक लंबे अरसे से चल रहा है। बताया जा रहा है कि कभी दोनों में गहरी दोस्ती थी। वह भी इतनी गहरी कि दोनों एक ही थाली में खाना खाते थे। लेकिन जमीनी विवाद के कारण दोनों में आपस में ही ठन गई। बुधवार को हुई फायरिंग में जब अरविंद सिंह बाल बाल बच गए, तो आरोपी राहुल को लगा कि बात बढ़ेगी। इसके बाद उन चारों ने लाइसेंसी असलहे लोड कर तैयारी कर ली थी कि आज आर पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। लेकिन पुलिस ने उनके मंसूबे फेल कर दिए। पुलिस ने रात में ही दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
छत्तीसगढ़ से खरीदा असलहा, कारतूस व अन्य आपत्तिजनक सामान
पुलिस की पूछताछ में जो तथ्य सामने आए हैं, वह काफी चौंकाने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए तीन आरोपियों में राहुल सिंह का कनेक्शन अपराध जगत के कुख्यात रहे मुन्ना बजरंगी और सफेदपोशों से भी निकलकर सामने आया है। मुन्ना बजरंगी की वर्ष 2018 में आपसी गैंगवार में बागपत जेल में ही हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने जब राहुल से पूछा कि बुलेट प्रूफ जैकेट, वॉकी टॉकी और राइफल में लगने वाला राइफल स्कोप कहां से मिला? इस पर उसने बताया कि सारा सामान छत्तीसगढ़ जाकर खरीदा था।
मोबाइल छोड़ वाकी टॉकी से करता था बात
पुलिस ने पूछा कि इन सब सामग्रियों का क्या उपयोग है? तो उसने बताया कि पहले वह आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने मोबाइल घर पर छोड़कर चला जाता था और अपने साथ वॉकी टॉकी लेकर चलता था। अपने सभी साथियों से वह इसी के जरिये संपर्क में रहता था। इसी तरह खुद की सुरक्षा के लिए उसने बुलेट प्रूफ जैकेट खरीद लिया था। राइफल स्कोप दूर से किसी पर निशाना साधने के लिए खरीदा था।
Highlights
पुलिस ने हत्या के प्रयास में शामिल राहुल सिंह, कर्ण सिंह, राजू गौड़ को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस प्रकरण में पुलिस को ईशीपुर गांव निवासी दीनानाथ सरोज की तलाश है। पुलिस चारों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई में जुट गई है।