संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में जिला गाजीपुर के जखनिया क्षेत्र की होनहार बेटी प्रियंका चौधरी ने 79वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र सहित पूरे गाजीपुर जिले का नाम रोशन किया है। परिणाम घोषित होते ही जखनियां क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल बन गया। प्रियंका की सफलता की खबर मिलते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया।
प्रियंका चौधरी (UPSC) मीरा राम की पुत्री हैं। वह मूल रूप से जमानिया तहसील के औरंगाबाद गांव की निवासी हैं, लेकिन पिछले लगभग 25 वर्षों से जखनियां क्षेत्र के गौरा खास गांव में अपने परिवार के साथ रह रही हैं। उनके पिता प्राइवेट ड्राइवर हैं और लंबे समय तक एसडीएम जखनियां की गाड़ी चला चुके हैं। साधारण परिवार से आने के बावजूद प्रियंका (UPSC) ने अपनी मेहनत और लगन से यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
पीएचडी के साथ UPSC की तैयारी
प्रियंका ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सर्वोदय इंटर कॉलेज से हाईस्कूल तक प्राप्त की, जबकि इंटरमीडिएट की पढ़ाई शहीद इंटर कॉलेज से पूरी की। इसके बाद उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी से बीएससी, एमएससी और बीएड की पढ़ाई की। वर्तमान में वह पीएचडी के साथ सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। लगातार परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में 79वीं रैंक हासिल कर सफलता का नया मुकाम स्थापित किया है।
प्रियंका की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षक, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग परिवार को बधाई दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि प्रियंका की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।
परिजनों के अनुसार प्रियंका फिलहाल वाराणसी में हैं। उनके घर लौटने के बाद वह क्षेत्र के लोगों से मुलाकात कर सभी का आभार व्यक्त करेंगी।
