- ज्येष्ठा गौरी का दर्शन-पूजन करने को लगी रही कतारें
- मां भगवती को नारियल,चुनरी आदि की गई अर्पित
राधेश्याम कमल
वाराणसी। वासंतिक नवरात्र (Navratri 2023) के दूसरे दिन गुरुवार को ब्रह्माघाट स्थित मां ब्रह्मचारिणी के दर्शन के लिए हजारों भक्तों की भीड़ उमड़ी। भोर से ही माता के दरबार में मां की एक झलक पाने के लिए भक्त इंतजार में खड़े रहे। वहीं कई किमी की लंबी लाइन भी नजर आई। हजारों भक्त मां के भव्य स्वरूप का दर्शन पूजन कर पुण्य के भागी बनें। मंदिर में दर्शन करने के लिए भोर से ही भक्तों की लाइन लग गई थी। जैसे ही मंदिर का कपाट खुला जयकारे के साथ दर्शन-पूजन शुरू हो गया।

मंदिर में दर्शन पूजन सुबह से लेकर रात्रि तक चलता रहा। मंदिर के बाहर माला फूल व नारियल चुनरी की दुकानें सजी थी। इस मौके पर मंदिर परिसर के बाहर पुलिस फोर्स की ड्यूटी लगायी गई थी। उधर नव गौरी के दर्शन-पूजन के क्रम में भक्तों ने नखास स्थित ज्येष्ठा गौरी का दर्शन-पूजन किया। सुबह से ही मां का दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं के आने का क्रम जारी था। इनमें महिलाओं की संख्या ज्यादा थी। मंदिर में दर्शन-पूजन सुबह से लेकर शाम तक चलता रहा। भक्तों ने मां को नारियल, चुनरी व अड़हुल की माला अर्पित कर अपने परिवार के मंगल की कामना की।
वासंतिक नवरात्र में कल
वासंतिक नवरात्र के नव गौरी के दर्शन-पूजन करने के क्रम में चौथे दिन शृंगार गौरी के दर्शन करने की मान्यता है। देवी का विग्रह ज्ञानवापी क्षेत्र स्थित सत्यनारायण मंदिर के अंदर विराजमान है। इसी तरह नव दुर्गा के दर्शन-पूजन करने के क्रम चौथे दिन कुष्मांडा देवी का दर्शन करने का विधान है। मां दुर्गा का मंदिर दुर्गाकुड में स्थित है।