भारतीय जनता पार्टी (BJP) को अपना नया उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष मिल गया है. उत्तर प्रदेश में अपने संगठनात्मक ढांचे को नई धार देते हुए केंद्रीय मंत्री और महाराजगंज से सात बार के लोकसभा सांसद पंकज चौधरी को प्रदेश भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में रविवार को उनके नाम की औपचारिक घोषणा की गई। यह घोषणा केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में की।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक परंपरा के अनुरूप स्वस्ति वाचन, शंखनाद और डमरू वादन के साथ हुई, जिससे पूरा पार्टी दफ्तर गूंज उठा। इसके बाद नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने उन्हें पार्टी का ध्वज सौंपकर संगठन की जिम्मेदारी सौंपी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, सहित प्रदेश और केंद्र के कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे। पंकज चौधरी के नाम की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई और वरिष्ठ नेताओं ने मंच पर पहुंचकर उन्हें बधाई दी।
2027 की तैयारी में BJP की अहम कड़ी
कुर्मी समाज से आने वाले पंकज चौधरी वर्तमान में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री हैं और महराजगंज लोकसभा क्षेत्र का सात बार प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनकी नियुक्ति को राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी (BJP) के जानकारों का मानना है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यह फैसला उत्तर प्रदेश में ओबीसी वोट बैंक को और मजबूत करने की भाजपा की रणनीति का हिस्सा है।
पंकज चौधरी ने शनिवार को BJP के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने उनके प्रस्तावक के रूप में नामांकन का समर्थन किया। किसी अन्य नेता द्वारा नामांकन न किए जाने के कारण उनका निर्विरोध चुना जाना पहले से ही तय माना जा रहा था।
अब पंकज चौधरी के कंधों पर उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन को जमीनी स्तर तक और सशक्त करने, कार्यकर्ताओं में समन्वय बनाए रखने और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
राष्ट्रीय परिषद के 120 सदस्यों का भी चयन
प्रदेश अध्यक्ष (BJP) के चुनाव के साथ ही उत्तर प्रदेश से भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के 120 सदस्यों का निर्वाचन भी पूरा हो गया है। इनमें राजनाथ सिंह, योगी आदित्यनाथ, केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, भूपेंद्र चौधरी, स्मृति ईरानी, सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह और रमापति राम त्रिपाठी जैसे प्रमुख नेता शामिल हैं। भाजपा में राष्ट्रीय परिषद के सदस्य ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव करते हैं, ऐसे में यह चयन भी संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बताते चलें कि पंकज चौधरी कुर्मी समाज से आने वाले यूपी भाजपा के चौथे प्रदेश अध्यक्ष हैं। उनसे पहले विनय कटियार, ओम प्रकाश सिंह और स्वतंत्र देव सिंह भी इसी समुदाय से प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं।

