PM Modi अपने दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को काशी पहुंच रहे हैं। इस दौरान उनका प्रमुख कार्यक्रम 8 नवंबर को बनारस रेलवे स्टेशन पर होगा, जहाँ वे वाराणसी और खजुराहो के बीच चलने वाली नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

PM Modi के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम
रेलवे प्रशासन इस ऐतिहासिक अवसर की तैयारियों में जोर-शोर से जुटा है। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 8 को विशेष रूप से सजाया जा रहा है ताकि यह पल यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए यादगार बन सके। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं।

वाराणसी जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि प्रधानमंत्री (PM Modi) की यात्रा और उद्घाटन समारोह सुचारू रूप से सम्पन्न हो सके। नई वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस दोनों पर्यटन स्थलों के बीच कनेक्टिविटी को नई गति देगी।

बताते चलें कि प्रधानमंत्री (PM Modi) के वाराणसी आगमन से पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी काशी पहुंचेंगे। कार्यक्रम के बाद वे स्वयं इसी वंदे भारत ट्रेन से खजुराहो के लिए रवाना होंगे, जिससे यह यात्रा उद्घाटन की गवाही बनेगी। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी प्रधानमंत्री के साथ मौजूद रहेंगे और कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।

