Varanasi: नगवा स्थित श्री दुर्गा मातृछाया शक्तिपीठ की संस्थापिका साध्वी गीताम्बा तीर्थ ने स्वामी सच्चिदानंद महाराज के विवादित बयान की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने संत समाज से अपील करते हुए स्वामी सच्चिदानंद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
सनातन धर्म पर की गई टिप्पणी पर जताई नाराजगी
सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में साध्वी गीताम्बा तीर्थ ने कहा कि स्वामी सच्चिदानंद ने सोशल मीडिया पर सनातन धर्म, भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी को लेकर अनुचित और मनगढ़ंत टिप्पणी की है, जो पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि स्वामी सच्चिदानंद को धर्मशास्त्रों, वेदों और उपनिषदों का सही ज्ञान नहीं है और बिना गहराई से अध्ययन किए उन्हें देवी-देवताओं पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।
Varanasi: संत समाज करेगा एकजुट विरोध
साध्वी गीताम्बा तीर्थ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी हिंदू समाज के आराध्य हैं और उन पर की गई किसी भी अनुचित टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि संत समाज इस बयान के खिलाफ एकजुट होकर विरोध करेगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शास्त्रार्थ की खुली चुनौती
साध्वी गीताम्बा तीर्थ ने स्वामी सच्चिदानंद को शास्त्रार्थ की चुनौती दी और कहा कि यदि वे अपने विचारों पर दृढ़ हैं, तो काशी या किसी अन्य स्थान पर शास्त्रार्थ के लिए तैयार हों। उन्होंने कहा कि उनके विचारों की परख अवश्य होगी।
महिला सशक्तिकरण के लिए देवी भागवत कथा का आयोजन
साध्वी गीताम्बा तीर्थ ने यह भी जानकारी दी कि 19 मार्च से दफी स्थित कमला आर्शीवाद वाटिका में श्रीमद् देवी भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। इस कथा का उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या रोकने और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का है।
कथा का शुभारंभ 19 मार्च को दोपहर 3:00 बजे माता मंदिर से भव्य मंगल कलश यात्रा के साथ होगा। कथा प्रतिदिन शाम 4:00 बजे से 7:00 बजे तक होगी, जबकि सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक सत चंडी महायज्ञ आयोजित किया जाएगा।
Highlights
28 मार्च को हवन और भंडारे के साथ कथा एवं यज्ञ का समापन किया जाएगा। साध्वी गीताम्बा तीर्थ ने श्रद्धालुओं से इस आयोजन में शामिल होने और धर्म एवं समाज की रक्षा में सहयोग देने की अपील की है।

