वाराणसी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन पूजन किया। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत कांग्रेस के तमाम नेता व कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।

इससे पूर्व कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का शनिवार को वाराणसी पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने भव्य तरीके से स्वागत किया। राहुल गांधी शनिवार की सुबह पड़ाव से गोलगड्डा पहुंचे। उसके बाद हरतीरथ और मैदागिन पहुंचे। यहां से वह सीधा काशी विश्वनाथ धाम के लिए रवाना हो गए।

इस दौरान भीड़ देखने लायक थी। राहुल के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। कांग्रेस के साथ ही सपा-बसपा व अन्य विपक्षी दलों के कार्यकर्ता उत्साहित हैं। राहुल गांधी की यात्रा के दौरान सभी कार्यकर्ता जोश व उमंग से राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे।

राहुल गांधी की यात्रा शुक्रवार को बिहार से चंदौली होते हुए यूपी में दाखिल हुई। उन्होंने चंदौली के सैयदराजा में जनसभा को संबोधित किया। वहीं शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद यात्रा पड़ाव पहुंची। यहां अवधूत भगवान राम आश्रम के समीप राहुल ने रात्रि विश्राम किया।

राहुल गांधी की यात्रा गोलगड्डा, विश्वेवरगंज, मैदागिन चौराहा होते हुए काशी विश्वनाथ धाम पहुंची। यहां बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करने के बाद राहुल गांधी गोदौलिया चौराहे पर लोगों को संबोधित करेंगे। इसके बाद मंडुवाडीह होते हुए यात्रा आगे बढ़ेगी। यात्रा वाराणसी से निकलकर भदोही पहुंचेगी। वहां ज्ञानपुर इंटर कालेज में रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद यात्रा प्रयागराज जाएगी।

