Samajwadi Party: समाजवादी व्यापार सभा उत्तर प्रदेश के हर जिले में व्यापारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की व्यापारी विरोधी चेहरे को उजागर करेगी। इसको लेकर लोकसभा चुनाव में पोल खोल अभियान चलाकर भाजपा के सफाए की मुहिम चलाएगी। समाजवादी व्यापार सभा (Samajwadi Party) के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने अभियान को लेकर मंगलवार को जानकारी दी। उन्होंने
कहा कि समाजवादी व्यापार सभा से जुड़े व्यापारी और नेता पूरे प्रदेश के हर जिले में व्यापारी चौपाल का आयोजन करेगी। इस दौरान जीएसटी के नाम पर व्यापारियों के हुए उत्पीड़न, बढ़ते अपराध, लूट, पुलिस बर्बरता और महंगाई आदि मुख्य मुद्दों के खिलाफ बाजारों आदि में व्यापारी चौपालों और परिचर्चाएं कर भाजपा सरकार के व्यापारी विरोधी चेहरे को उजागर करेंगे और भाजपा की तानाशाही, झूठ और उत्पीड़न के खिलाफ पोल खोल अभियान चलाएंगे।
Samajwadi Party: व्यापारी प्रदेश से पलायन को मजबूर
व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि व्यापारियों को कभी जीएसटी के नाम पर और कभी एसटीएफ और पुलिस के नाम पर प्रताड़ित किया जा रहा है। व्यापारियों पर सुनियोजित फर्म सत्यापन के नाम पर छापेमारी से पूरे प्रदेश के व्यापार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष और प्रवक्ता अभिमन्यु गुप्ता ने कहा कि व्यापारी अब उत्तर प्रदेश से पलायन को मजबूर है और नया निवेशक उत्तर प्रदेश में निवेश करने को तैयार नहीं है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय सूद, प्रदेश उपाध्यक्ष विजय जायसवाल, प्रदेश प्रमुख महासचिव यासिर सिद्दीकी ने भी भाजपा सरकार की व्यापारी विरोधी नीतियों की आलोचना की।