Samar Singh Bail: भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की संदिग्ध मौत के मामले में नया अपडेट सामने आया है। आकांक्षा की मौत के बाद जेल में बंद आरोपी समर सिंह की जमानत हाईकोर्ट ने मंजूर कर ली है। कोर्ट ने मंगलवार को सुनवाई करते हुए समर सिंह को जमानत देते हुए रिहा करने का फैसला सुनाया। समर सिंह पर एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है।

Samar Singh Bail: 26 मार्च को वाराणसी में मिला था शव
गौरतलब है कि भदोही की रहने वाली भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे का शव 26 मार्च को वाराणसी के सारनाथ स्थित एक होटल में मिला था। जिसके बाद उसकी मां मधु दुबे ने समर सिंह और उसके दोस्त संजय सिंह पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने जांच के बाद इस मामले में समर और संजय के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। संजय सिंह फिलहाल जमानत पर बाहर है। वहीं समर सिंह पिछले सात महीने से जेल में बंद था।