Bhadohi: मनरेगा (महात्मा गाँधी राष्ट्रिय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) का अब केंद्र सरकार ने नाम बदल कर VB-G RAM G (विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन-ग्रामीण) कर दिया है। जिसका पुरे देश में जमकर विरोध देखने को मिल रहा है। इसी बीच भदोही में शनिवार को कांग्रेस औए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा भी “मनरेगा बचाओ” संग्राम के तहत जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वसीम अंसारी के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता इंदिरा मिल से पदयात्रा निकालते हुए राजपुरा स्थित भदोही तहसील पहुंचे और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेसियों का कहना रहा कि मनरेगा देश के करोड़ों ग्रामीण परिवारों की जीवनरेखा है और केंद्र सरकार द्वारा किए गए हालिया बदलावों से काम की गारंटी, मजदूरी की गारंटी और जवाबदेही कमजोर हुई है। इस बदलाव के विरोध में कांग्रेस भदोही में एकजुट होकर सामने आई है।

पदयात्रा और ज्ञापन
पदयात्रा इंदिरा मिल (Bhadohi) से शुरू होकर लिप्पन तिराहा होते हुए भदोही तहसील तक चली। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मनरेगा बचाव संग्राम के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कोऑर्डिनेटर मनीष मिश्रा तथा उत्तर प्रदेश कोऑर्डिनेटर दयाशंकर पांडे उपस्थित रहे। प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष मिश्रा और कोऑर्डिनेटर दयाशंकर पांडे ने कहा कि कांग्रेस मनरेगा को कमजोर करने के किसी भी प्रयास का विरोध करेगी और काम के संवैधानिक अधिकार की पूर्ण बहाली तक संघर्ष जारी रहेगा।

जिला अध्यक्ष वसीम अंसारी और जिला कोऑर्डिनेटर सुरेश मिश्रा ने कहा कि भदोही के कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर मजदूरों की आवाज बुलंद कर रहे हैं। न्यूनतम 400 रुपये मजदूरी, मनरेगा में किए गए बदलावों की तत्काल वापसी और काम की कानूनी गारंटी प्रमुख मांगें हैं।
Bhadohi: एकजुटता और संकल्प
पदयात्रा (Bhadohi) के अंत में सभी कांग्रेसजनों ने मिलकर मनरेगा बचाने और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौज़ूद रहे, जिसमें प्रमुख रूप से राकेश मौर्य, पंडित दीनानाथ दुबे, राजेश्वर दुबे, मुशीर इकबाल, सुरेश गौतम, त्रिलोकी नाथ बिन्द, मसूद आलम, सुबुकतगीन अंसारी, शिवपूजन मिश्रा, सुरेश चौहान, नाजिम अली और अन्य कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भदोही से ये संदेश गया कि कांग्रेस मनरेगा और ग्रामीण मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी ताकत के साथ संघर्ष जारी रखेगी। कार्यक्रम ने यह भी दिखाया कि ग्रामीण मुद्दों पर पार्टी का जनाधार कितना मजबूत है।

