वाराणसी में जी राम जी बिल (मनरेगा संसोधन अधिनियम) के विरोध को लेकर NSUI कार्यकर्ताओं ने रविवार को बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदेश के अलग–अलग हिस्सों से NSUI कार्यकर्ता काशी पहुंचे और अपनी आवाज बुलंद की। वहीं अब तक सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

NSUI ने किया था प्रदर्शन का एलान
दरअसल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और NSUI की ओर से अलग–अलग प्रदर्शन के ऐलान के बाद प्रशासन हाई अलर्ट पर आ गया। शहर में करीब 1000 पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। BHU के सिंह द्वार पर NSUI के प्रदर्शन को देखते हुए भारी पुलिस फ़ोर्स की तैनाती की गई है। प्रधानमंत्री जनसंपर्क कार्यालय के आसपास पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग कर दिया गया है। पूरे इलाके पर ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है।

पीएम जनसंपर्क कार्यालय का करने को थे घेराव
वहीं NSUI कार्यकर्ता BHU गेट के पास एकत्रित हुए और वहां से पीएम मोदी के संसदीय कार्यालय की ओर मार्च निकालने की कोशिश की। हाथ में गांधी जी के पोस्टर और नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता आगे बढ़ ही रहे थे कि पुलिस ने रास्ते में ही बैरिकेडिंग करके उन्हें रोक दिया लेकिन वह अपनी जिद पर अड़े रहे। इतना ही नहीं, बैरिकेडिंग को फांदकर जाने का प्रयास करने लगे।

कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच गुत्थम-गुत्थी
इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक शुरू हो गई. मामला इतना गरमा गया कि देखते ही देखते पूरा माहौल तनावपूर्ण हो गया। NSUI के कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच गुत्थम गुत्थी होने लगी। पुलिसकर्मियों ने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को सड़क पर घसीटते हुए अपनी गाड़ी तक ले गए। NSUI अध्यक्ष वरुण चौधरी का कंधा पकड़कर धक्का दे दिया गया, वह वहीं सड़क पर ही गिर पड़े। फिर पुलिस से बचने के लिए भागने का प्रयास किया तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने लगभग 10 गाड़ियों में 100 से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भरकर अपने साथ हिरासत में लेकर गई।

इस तनावपूर्ण हालात को देखते हुए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल खुद सड़कों पर उतर आए और पुलिस को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी जबरदस्ती की स्थिति में बल प्रयोग किया जाए।
BHU के सिंहद्वार पर 500 पुलिसकर्मी तैनात
सुरक्षा के मद्देनजर, बीएचयू के सिंह द्वार पर 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। BHU और पीएम कार्यालय दोनों जगहों पर तीन स्तर की बैरिकेडिंग, रस्सियां और सुरक्षा अवरोध लगाए गए हैं ताकि कोई भी कार्यकर्ता आगे न बढ़ सके। प्रधानमंत्री कार्यालय के बाहर तीन थानों की फोर्स और आरपीएफ भी मुस्तैद है।

बताते चलें कि NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने प्रधानमंत्री जनसंपर्क कार्यालय के घेराव का ऐलान किया था। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बीएचयू के सिंह द्वार पर जुटने का निर्देश दिया था। यहां से कांग्रेस और NSUI के कार्यकर्ता करीब 3 किलोमीटर लंबा मार्च निकालने की तैयारी में थे। इसी बीच ये तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला।

