शाइन सिटी घोटाले (Shine City Scam) के मुख्य आरोपी राशिद नसीम को आखिरकार दुबई में गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आर्थिक अपराध शाखा (EOW) के प्रत्यर्पण अनुरोध पर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। अब उसे भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
राशिद नसीम और उसकी कंपनियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश में करीब 554 एफआईआर दर्ज हैं। आरोप है कि उसने रियल एस्टेट योजनाओं और मल्टी-लेवल मार्केटिंग के जरिए ऊंचे मुनाफे का झांसा देकर लोगों से 800 से 1000 करोड़ रुपये तक की रकम जुटाई। निवेशकों को आकर्षक रिटर्न का भरोसा दिया गया, लेकिन पैसा डूब गया।
2019 में फरार, नेपाल के रास्ते दुबई पहुंचा
जांच एजेंसियों के अनुसार, 2019 में नसीम (Shine City Scam) भारत छोड़कर फरार हो गया था। बताया जाता है कि वह नेपाल के रास्ते दुबई पहुंचा और वहीं रह रहा था। समन जारी होने के बावजूद वह जांच में शामिल नहीं हुआ।
लखनऊ की विशेष पीएमएलए अदालत ने अप्रैल 2025 में उसे भगोड़ा आर्थिक अपराधी अधिनियम (FEOA) के तहत अपराधी घोषित किया था। दिसंबर 2025 में अदालत ने उसकी 127.98 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क करने का आदेश भी दिया था।
Shine City Scam: ईडी ने सौंपा डोजियर, यूएई में कार्रवाई
जनवरी 2026 में प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने यूएई प्रशासन को विस्तृत डोजियर सौंपा था, जिसमें पीएमएलए और एफईओए के तहत की गई कार्रवाई का विवरण शामिल था। इसके बाद दुबई पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों के मुताबिक, अब प्रत्यर्पण प्रक्रिया के जरिए उसे भारत लाया जाएगा। माना जा रहा है कि उसके भारत आने के बाद घोटाले से जुड़े कई और राज खुल सकते हैं और निवेशकों (Shine City Scam) को न्याय मिलने की दिशा में बड़ी प्रगति हो सकती है।

