Sonbhadra पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी से जुड़े मामले में आरोपी भोला प्रसाद जायसवाल द्वारा संगठित अपराध से अर्जित की गई अवैध संपत्तियों पर पुलिस ने दूसरा करारा प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र (Sonbhadra) अभिषेक वर्मा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में आरोपी और उसके परिजनों के नाम पर अर्जित चल-अचल संपत्तियों को कुर्क किया गया है। इससे पहले इसी मामले में करीब 28 करोड़ 50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।

Sonbhadra: लगभग 5 करोड़ 77 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क
इस कार्रवाई में वाराणसी जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित आरोपी की कई अचल संपत्तियों के साथ-साथ चार वाहन और बैंक खातों में जमा राशि को अभिग्रहित किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस चरण में कुल लगभग 5 करोड़ 77 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है।
यह कार्रवाई थाना रॉबर्ट्सगंज (Sonbhadra) में पंजीकृत मामले के तहत माननीय न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई। कुर्की अभियान के दौरान एसआईटी टीम और स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी और उससे अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ सख्त, प्रभावी और निरंतर वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

