Sonbhadra: जनपद में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जब वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर हाथीनाला थाना क्षेत्र में ट्रक और डंपर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई, जिसमें दो लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक चालक गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसा शाम करीब 5 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों (Sonbhadra) के अनुसार टक्कर के बाद दोनों वाहन आग के गोले में तब्दील हो गए। इस दौरान डंपर चालक दरवाजे से बाहर लटका हुआ मदद के लिए चीखता रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे खींचकर बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन वह बुरी तरह फंसा हुआ था। काफी प्रयास के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।
Sonbhadra :ब्रेक फेल से हुआ हादसा
घायल ट्रक चालक सूरज ने बताया कि वह गोरखपुर से रायपुर दूध लेकर जा रहा था। अचानक रास्ते में ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। उसने बड़े हादसे से बचने के लिए वाहन को जंगल की ओर मोड़ने की कोशिश की, लेकिन तभी सामने से आ रहे डंपर से सीधी टक्कर हो गई और दोनों वाहनों में आग लग गई। इस हादसे में ट्रक का क्लीनर बबलू (21) आग में फंसकर जिंदा जल गया।
दो की मौके पर मौत
हादसे (Sonbhadra) में डंपर चालक दीनानाथ यादव (निवासी केवल गांव, विंढमगंज, सोनभद्र) और ट्रक क्लीनर बबलू (निवासी खलीलाबाद, संत कबीर नगर) की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए हिंडाल्को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फोर्स व दमकल ने संभाला मोर्चा
घटना (Sonbhadra) की सूचना मिलते ही एसपी अभिषेक वर्मा, सीओ पिपरी हर्ष पाण्डेय, सीओ ओबरा अमित कुमार, हाथीनाला और रेणुकूट पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग बुझाने के लिए अल्ट्राटेक सीमेंट, चोपन फायर स्टेशन और हिंडाल्को की दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
दूध और राख से लदे थे वाहन
बताया जा रहा है कि डंपर में राख लदी थी, जबकि ट्रक में अमूल कंपनी के दूध के पैकेट भरे थे। हादसे के बाद दूध सड़क पर फैल गया, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर यातायात को डायवर्ट कराया।
अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि थाना हाथीनाला में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवा दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

