समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और घोसी विधानसभा सीट के विधायक सुधाकर सिंह (Sudhakar Singh Died) का गुरुवार सुबह लखनऊ के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। 67 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह चुके सुधाकर सिंह के जाने से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके बेटे डॉक्टर सुजीत सिंह ने पिता के निधन की पुष्टि की।
Sudhakar Singh Died: उपचुनाव में बड़ी जीत से आए थे चर्चा में
सुधाकर सिंह (Sudhakar Singh Died) हाल ही में हुए घोसी उपचुनाव में सुर्खियों में छाए रहे। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार दारा सिंह चौहान को भारी अंतर से हराकर सीट अपने नाम की थी। दारा सिंह चौहान के सपा छोड़कर भाजपा में जाने के बाद यह उपचुनाव हुआ था, जिसमें सुधाकर सिंह ने बड़ी जीत दर्ज कर अपनी मजबूत पकड़ साबित की।

सुधाकर सिंह घोसी क्षेत्र के एक प्रभावशाली नेता माने जाते थे। 2022 विधानसभा चुनाव में भी वे सपा के प्रबल दावेदार थे, लेकिन आखिरी समय में पार्टी ने टिकट बदलकर दारा सिंह चौहान को उम्मीदवार बना दिया था। इसके बावजूद उन्होंने पार्टी में अपनी सक्रियता, पकड़ और लोकप्रियता बनाए रखी। उनके निधन को पार्टी के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों के लिए भी एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, 17 नवंबर को दिल्ली में उमर अंसारी (मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे) के रिसेप्शन से लौटने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। दिल्ली एयरपोर्ट पर अचानक सांस लेने में दिक्कत हुई और वाराणसी पहुंचते-पहुंचते हालत गंभीर हो गई। पहले उन्हें वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां से डॉक्टरों ने स्थिति देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया।
मंगलवार को उन्हें (Sudhakar Singh Died) इलाज के लिए लखनऊ लाया गया। मेदांता अस्पताल में डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी देखभाल कर रही थी, लेकिन गुरुवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके बेटे सुजीत सिंह ने बताया कि पिछले कुछ समय से वह हार्ट संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे और 2022 में उनका पेसमेकर भी लगाया गया था।

अखिलेश यादव ने जताया शोक
पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर सुधाकर सिंह को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि “घोसी विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक श्री सुधाकर सिंह (Sudhakar Singh Died) जी का निधन अत्यंत दुःखद! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो। भावभीनी श्रद्धांजलि!”

