समाजवादी पार्टी ने वाराणसी में मंगलवार को PDA विजय यात्रा निकाली। मोटरसाइकिल पर सवार होकर सभी सपाई सिगरा स्थित साजन तिराहे पर एकत्रित हुए और यह यात्रा शुरू हुई। PDA विजय यात्रा तीन किलोमीटर तक चली जो शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए कचहरी स्थित अम्बेडकर पार्क पर आकर समाप्त हुए। यात्रा में सपा के सभी यूथ फ्रंटल शामिल हुए। पीडीए विजय यात्रा का शुभारंभ सपा के एमएलसी आशुतोष सिन्हा के द्वारा किया गया।


सपा ने विजय यात्रा में लहराया अपना परचम
एक तरफ मोटरसाइकिल पर सपा का लहराता झंडा और दूसरी तरफ जाति जनगणना के लिए अखिलेश यादव को धन्यवाद देते हुए सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने हाथों में “धन्यवाद अखिलेश जी PDA के महानायक” और “अखिलेश भैया संघर्ष करो PDA परिवार साथ है” जैसे पोस्टर लिए चलते नजर आए।

सपा कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार नारेबाजी भी जा रही थी। मोदी सरकार के जातिगत जनगणना कराने के फैसले के बाद से विपक्षी दल लगातार इसे अपनी जीत बता रहे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस के बाद वाराणसी में अब समाजवादी पार्टी के द्वारा निकली इस विजय यात्रा में सपाइयों का उत्साह देखते बन रहा था।
जाति जनगणना PDA की जीत

इस दौरान एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक देश के रक्षा मंत्री, यूपी के सीएम रह चुके स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव ने देश में सबसे पहले जातिगत जनगणना की आवाज उठाई थी। वर्तमान में सपा मुखिया और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी लगातार जाति आधारित जनगणना की मांग मोदी सरकार से कर रहे थे।

उन्होंने आगे कहा कि संसद में इसके लिए उन्होंने कई बार आवाज उठाई थी। मोदी सरकार को सपा की मांग के आगे आखिरकार झुकना पड़ा। यह PDA की ऐतिहासिक जीत है। इसी जीत का जश्न मनाने के लिए सपा पीडीए विजय यात्रा निकाल रही है।