Varanasi: समाजवादी पार्टी (सपा) युवजन सभा के प्रदेश सचिव समन यादव के नेतृत्व में बुधवार को नगर निगम की लापरवाही और शहर की खस्ता हालत के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सिगरा स्थित पेट्रोल पंप से शुरू हुए जुलूस के साथ सपा कार्यकर्ता नगर निगम कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अपर नगर आयुक्त को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
समन यादव ने आरोप लगाया कि पूरे शहर की स्थिति बहुत खराब हो गई है। गलियों में सीवर का पानी बह रहा है, सड़कों की मरम्मत नहीं हो रही है, और खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट्स की मरम्मत की कोई व्यवस्था नहीं की जा रही है। उन्होंने भाजपा विधायकों पर निशाना साधते हुए कहा, “विधायक सिर्फ दिखावा कर रहे हैं, गली-गली में झाड़ू लगा रहे हैं, जबकि असली काम करने वालों को आराम करने दिया जा रहा है।”

Varanasi: अधिकारियों की निष्क्रियता पर जताई नाराजगी
सपा कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के अधिकारियों की निष्क्रियता पर कड़ी नाराजगी जताई और “भाजपा विधायक कर रहे सफाई, पर स्ट्रीट लाइट की सुध नहीं आई” और “नगर निगम के अधिकारी मौज में, गली की हालत जर्जर” जैसे नारे लगाए।
इस विरोध प्रदर्शन में सपा के पार्षद भैया लाल यादव, अभिषेक यादव, आयुष यादव, कलाम कुरैशी, प्रियांशु गुप्ता, अर्शे आजम, अजहर अली, और जन्नत अख्तर समेत कई अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए। सपा ने चेतावनी दी कि अगर नगर निगम ने अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं किया, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।