Stone Peiting: वाराणसी में बुधवार रात लखनऊ-पटना वंदेभारत एक्सप्रेस पर अराजक तत्वों ने पत्थरबाज़ी कर दी। यह घटना चौकाघाट ढेलवरिया के नज़दीक हुई, जब ट्रेन धीमी गति से गुजर रही थी। शरारती तत्वों ने ट्रैक किनारे पड़े पत्थरों को उठाकर ट्रेन के सी-5 कोच पर फेंक दिया, जिससे कोच के शीशे टूट गए और यात्री दहशत में आ गए।
कोच अटेंडेंट ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रेन को रुकवाया, और लोको पायलट ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद गार्ड ने ऑनलाइन मेमो जारी किया। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और क्षेत्र की जांच शुरू की। संदिग्धों की खोज में ट्रैक के पास स्थित बस्तियों में छानबीन की गई और कई लोगों से पूछताछ की गई।
Stone Peiting: पीडीडीयूनगर पहुंचने पर दर्ज हुआ बयान
जब ट्रेन पीडीडीयूनगर स्टेशन पहुंची, तो सुरक्षा बलों ने सी-5 कोच के यात्रियों से उनके बयान लिए। यात्रियों के मुताबिक, ट्रेन जब गोमती नगर, लखनऊ से अयोध्या होते हुए कैंट स्टेशन पहुंची और निर्धारित ठहराव के बाद आगे बढ़ी, तो रात करीब साढ़े आठ बजे ढेलवरिया के पास अचानक पत्थरबाज़ी शुरू हो गई। घटना के बाद 10, 11 और 12 नंबर की सीटों पर बैठे यात्रियों ने रेल मदद सेवा 139 पर शिकायत दर्ज करवाई।
कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ है, और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

