जल सरंक्षण के महत्व पर जोर देना आयोजन का मुख्य उद्देश्य: मीनू खरे
लखनऊ। आकाशवाणी लखनऊ के तत्वावधान में रविवार को जल के लिए चल अभियान का सफल आयोजन शहर के 1090 वूमेन पॉवर लाइन चौराहे पर हुआ जिसमें मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने शिरकत किया। जी-20 में भारत की अध्यक्षता का उत्सव श्रृंखला में आकाशवाणी, लखनऊ की टीम द्वारा वाक फॉर वाटर यानी जल के लिए चल अभियान की शुरूआत की गई। इस दौरान मुख्य सचिव ने पानी संरक्षण के संकल्प के साथ जी-20 वाक फॉर वाटर जल के लिए चल अभियान को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।

उन्होंने अपने संदेश के जरिये कहा कि पानी है, तो कल है और बताया कि पानी की एक-एक बूंद बचाने का आह्वान किया। गोमतीनगर स्थित 1090 चौराहा से शुरू होकर यह वॉक समतामूलक चौराहे से आइनॉक्स होते हुए गाँधी सेतु होकर 1090 चौराहे पर ही सफलतापूर्वक समाप्त हुई।
इस अभियान में हर आयु के लोगों के साथ-साथ जल संरक्षण से जुड़े विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता, सामाजिक संगठन, पानी योद्धा, पानी दूत, गण्यमान्य नागरिक, मीडियाकर्मी, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त खिलाड़ी तथा स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

आकाशवाणी, लखनऊ की कार्यक्रम प्रमुख मीनू खरे ने बताया की इस अभियान का उद्देश्य पानी के बारे में जागरूकता फैलाना, जल संरक्षण के महत्व पर जोर देना और युवाओं को जागरुक करना है। पद्मश्री रामसरन वर्मा, पद्मश्री सुधा सिंह, पेड़ वाले बाबा आचार्य चंद्र भूषण तिवारी, पर्यावरण योद्धा कृष्णानन्द राय, गोमती अभियान से जुड़े सुशील सीतापुरी, जल दूत नन्द किशोर वर्मा, डॉ सुधा बाजपेई, अनन्त मिश्र, योगेश आदित्य, नायाब खान आदि को सम्मानित किया गया।

अभियान में वरिष्ठ नागरिक समूह में नरेंद्र कुमार प्रथम और देवेंद्र शर्मा द्वितीय स्थान पर रहे। महिलाओं में वंशिका सिंह प्रथम, मुस्कान द्वितीय एवं गुड़िया तृतीय स्थान पर रहीं। पुरुषों में सत्या को प्रथम, सुभाष सिंह को द्वितीय, अंकित पाण्डेय को तृतीय और विकास गौतम व नीलमणि पाण्डेय को सांत्वना पुरूस्कार मिले।

