- इसी माह 31 तक हट जाएगा गंगा रेती पार बसाया गया टेंट का शहर (Tent City)
वाराणसी। गंगा पार रेती पर जिला प्रशासन की ओर से टेंट सिटी (Tent City) बसाई गई है। जिसे इसी माह की 31 तारीख तक हटा लिया जाएगा। वीडीए की ओर से बताया कि बारिश और बाढ़ की संभावनाओं के चलते पूर्व में ही सतर्कता बरतते हुए टेंट सिटी (Tent City) को हटाया जाना है। गंगा का जलस्तर कम होने के बाद इसे फिर से गुलजार किया जाएगा।
विश्वनाथ धाम में बढ़ने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए करोड़ों की लागत से काशी आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए टेंट सिटी (Tent City) बसाई गई है। इसे जनवरी माह से शुरू भी कर दिया गया था। इस माह इसे उजाड़ दिया जाएगा। बता दें कि मानसून की आहट के बाद बारिश का मौसम शुरू हो जाएगा। बारिश के पानी से गंगा का जलस्तर भी बढ़ जाता है। इसी के मद्देनजर टेंट सिटी योजना को जलस्तर के स्थिर होने तक हटा लिया जाएगा। जलस्तर सामान्य होने पर दोबारा टेंट सिटी बसाई जाएगी। वीडीए वीसी अभिषेक गोयल ने बताया कि गंगा के जलस्तर में बढ़ाव की संभावनाओं को देखते हुए 31 मई से टेंट सिटी का संचालन बंद कर दिया जाएगा। जिसके सभी टेंट हटा लिए जाएंगे।

