यूपी STF की वाराणसी इकाई ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई की है। जिले के भेलूपुर थाना क्षेत्र में खुद को आर्मी अधिकारी बताकर लोगों को गुमराह करने वाले एक व्यक्ति को टीम ने गिरग्तार किया है। आरोपी की पहचान धर्मेंद्र पांडेय के रूप में हुई है। STF की टीम ने उसे वाराणसी के सुन्दरपुर के पास स्थित ब्रिज एनक्लेव कॉलोनी से गिरफ्तार किया है।
STF को आरोपी के गतिविधियों की मिली सूचना
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी धर्मेंद्र खुद आर्मी इंटेलीजेंस का अफसर बताता था और लोगों को गुमराह करके अपने मंसूबे को अंजाम देने की फ़िराक में था। यूपी STF को आरोपी के गतिविधियों की सूचना मिली। इस सूचना के बाद टीम सक्रिय रूप से दबिश में जुट गई। ख़ुफ़िया इनपुट और मुखबिरों से मिली सूचना के बाद टीम ने आरोपी को धर दबोचा। STF की पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि वह खुद को फर्जी आर्मी अधिकारी बताकर लोगों को गुमराह करता था।
आरोपी के पास से टीम ने सेना का फर्जी परिचय पत्र, दो पैन कार्ड और अन्य संदिग्ध दस्तावेज भी बरामद किया हैं। कहा जा रहा है कि इन्ही दस्तावेजों के आधार पर वह लोगों को अपने झांसे में ले रहा था।
STF अब उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और अन्य किस प्रकार की गतिविधियां है इसका पता लगाने में जुटी है। वहीं पुलिस ने आम जनता से अपील भी की है कि अगर कोई भी संदिग्ध गतिविधियां उन्हें मिलती है तो वह तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें और इस तरह की ठगी से सतर्क और सावधान रहें।

