हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस उत्तराखंड (Uttarakhand) में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। नेरवा से पांवटा साहिब जा रही HRTC की बस क्वानू के पास सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा मंगलवार सुबह हरिपुर–कोटी–मीनस मार्ग पर हुआ। दुर्घटनाग्रस्त बस नेरवा डिपो की बताई जा रही है, जिसमें उस समय करीब 37 यात्री सवार थे। बस के नीचे गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना बस के परिचालक ने पुलिस (Uttarakhand) को फोन पर दी। इसके बाद एसडीआरएफ, हिमाचल और उत्तराखंड पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी घायलों को खाई से निकालने में मदद की। घायल यात्री विनोद कुमार पंडित, जो नेरवा में प्लंबर का काम करते हैं और मूल रूप से बिहार के निवासी हैं, ने बताया कि बस एक ट्रक को पास देते समय सड़क किनारे बने डंगे के अचानक धंसने से अनियंत्रित हो गई और खाई में गिर गई। उन्होंने बताया कि कई घायल खुद सड़क तक पहुंचे, जबकि कुछ को स्थानीय (Uttarakhand) लोगों ने उठाकर बाहर निकाला।
Uttarakhand: घायलों का आरोप- देर तक प्रशासन की मदद नहीं
घायलों का आरोप है कि हादसे के बाद काफी देर तक प्रशासन की मदद नहीं पहुंची और आसपास के गांवों के लोगों ने ही पहले राहत कार्य शुरू किया। रास्ते से गुजरने वाले वाहनों से घायलों को अस्पताल भेजा गया। इस हादसे में ऋचा (30), पत्नी वीरेंद्र चौहान, निवासी ग्राम बिजमल नेरवा की मौत की पुष्टि परिजनों ने की है। थाना प्रभारी कालसी दीपक धारीवाल ने बताया कि सभी घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
वहीं मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन से स्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को हेलिकॉप्टर से एयरलिफ्ट करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

