जौनपुर। खुटहन, खेतासराय व सरपतहां थानों की पुलिस ने खुटहन में पट्टी नरेंद्रपुर मार्ग पर शनिवार की दोपहर मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गोली लगने से घायल होने पर गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उनका एक साथी बाइक लेकर भागने में सफल हो गया।
गत गुरुवार की शाम खुटहन के चक कुतबी में हार्डवेयर संचालक लाल बहादुर सोनी को बाइक सवार बदमाशों ने उधार पाइप व रंगदारी न देने पर गोली मारकर घायल कर दिया था। घायल व्यवसायी के पुत्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने नामजद आरोपित सरपतहां के चौबाहां निवासी मनीष तिवारी उर्फ छोटू को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया था। एसपी डॉ० अजय पाल शर्मा ने प्रकाश में आए अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर पुरस्कार घोषित किया था। इसी बीच पुलिस ने मुठभेड़ कर दो अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, थानाध्यक्ष खुटहन अरविंद कुमार सिंह व थानाध्यक्ष खेतासराय त्रिवेणी सिंह मय फोर्स खुटहन चौराहा पर मौजूद थे। करीब 12:30 बजे तीन संदिग्ध बाइक सवार आते दिखे। रुकने का संकेत देने पर पट्टी नरेंद्रपुर रोड पर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर दिया। उधर से सरपतहां थाना प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह मय फोर्स आ गए। दोनों तरफ से घिर जाने पर चक बनकठा बाग के पास बाइक सहित गिर गए और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने लगे।
पुलिस के आत्मरक्षार्थ फायरिंग करने पर सरायख्वाजा के डाल्हनपुर निवासी अंकित सोनकर उर्फ आभास व सिकरारा के शाहपुर निवासी साहिल तिवारी पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर गए। तीसरा बाइक सहित भागने में सफल हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के पास से 32 बोर की पिस्टल, देशी तमंचा, खोखा, कारतूस व दो मोबाइल बरामद किया है। घायल बदमाशों का पुलिस जिला अस्पताल में ईलाज चल रहा है।