मऊ। निकाय चुनाव (UP Nikay Chunav) के मद्देनजर सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को मऊ पहुंचे। मऊ के जीवनराम इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए मुख़्तार अंसारी पर निशाना साधा।
सीएम योगी ने कहा कि यूपी में अब वह दौर नहीं जब माफिया का राज चलता था। अब प्रदेश में कानून का राज चलता है। भाजपा सरकार ने माफियाओं को व्हीलचेयर पर बैठाने का काम किया है। सरकार विकास के साथ अपराध पर अंकुश लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही रही। ये सभी बातें सीएम ने निकाय चुनाव के मद्देनजर मऊ नगरपालिका भाजपा प्रत्याशी के प्रचार के दौरान कहीं। मुख्यमंत्री ने 20 मिनट के संबोधन में माफियाओं को आड़े हाथ लिया।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब क़ानून का राज चल रहा है और माफिया कानून के शिकंजे में हैं। प्रदेश में विकास हो रहा है और जनता की सरकार चल रही है। आज पूरे यूपी में कानून का राज कायम है। जनता में एक नई विश्वास और उम्मीद जगी है।
जो लोग कभी कानून-व्यवस्था को व्हीलचेयर पर लाने का काम करते थे, आज 'वे' स्वयं व्हीलचेयर पर पड़े हुए हैं… pic.twitter.com/iZrMkeMiwg
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 3, 2023
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पूर्व की सरकारों में जहां कानून व्यवस्था को व्हील चेयर पर लाने का काम करते लेकिन अब माफिया खुद व्हील चेयर पर बैठे हैं। जहां पहले की सरकार माफियाओं का साथ देने के साथ खुली छूट देते थे, वहीं वर्तमान सरकार माफियाओं को उनके अंजाम तक पहुंचाने का काम कर रही है।
इससे प्रदेश सरकार की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ता है, क्योंकि यह सरकार जनता की सेहत का ध्यान रखती है। आगे कहा कि देश में डबल इंजन की सरकार चल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में लगातार विकास हो रहा है। केंद्र व प्रदेश सरकार जनता के हित में जुटी है। अब जनता को अब अपना कार्य करना है।
सीएम की जनसभा में कई कार्यकर्ता बुलडोजर पर सवार होकर पहुंचे। इससे पहले मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर नगर में रूट डायवर्ट कर दिया गया था। जनसभा स्थल के दो किमी दायरे में पूर्णत प्रवेश को बंद कर मुख्य मार्गो पर पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

