UP Weather: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शुक्रवार सुबह से ही कई जिलों में बारिश और तेज़ हवाओं का दौर जारी रहा। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली में भारी बारिश हुई, जबकि लखनऊ, जौनपुर और आसपास के 10 जिलों में घने बादल छाए रहे। हवा की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटे रही, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंडक बढ़ गई।
मौसम विभाग ने प्रदेश के 35 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 11 जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। बीते दिन यानी गुरुवार को झांसी सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अयोध्या, बुलंदशहर और लखीमपुर खीरी सबसे ठंडे रहे, जहां न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रहा।
तेज बारिश और ओलावृष्टि से फसलों पर असर
सहारनपुर के कृषि वैज्ञानिक डॉ. आई.के. कुशवाहा ने बताया कि इस समय कई फसलें कटाई के लिए तैयार हैं। यदि तेज़ आंधी और भारी बारिश होती है, तो फसलों को नुकसान हो सकता है। हालांकि, हल्की बारिश किसानों के लिए लाभदायक साबित हो सकती है क्योंकि इससे मिट्टी में नमी बढ़ेगी, जिससे फसलों को पोषण मिलेगा।

UP Weather:कानपुर और पूर्वांचल में बदलता मौसम
कानपुर में शुक्रवार को बादल छाए रहे और हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय के अनुसार, उत्तर भारत में लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं, जिससे मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। अगले पांच दिनों तक बादल छाए रहने की संभावना है। पूर्वांचल के कई जिलों में भी ठंडी हवाओं के साथ मौसम में ठंडक महसूस की गई।
अगले तीन दिनों का पूर्वानुमान
- 1 मार्च: पश्चिमी और पूर्वी यूपी में हल्की बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में तेज़ हवाओं के साथ ओलावृष्टि भी संभव है।
- 2 मार्च: बारिश की संभावना कम रहेगी, लेकिन बादल छाए रहेंगे और हवाएं तेज़ चलेंगी।
- 3 मार्च: मौसम साफ होने लगेगा, हालांकि हवाएं तेज़ गति से चलती रहेंगी।

क्यों बदला यूपी का मौसम?
बीएचयू के मौसम विशेषज्ञ मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है। पश्चिमी यूपी और तराई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज़ हवाएं चलने के संकेत हैं।
रविवार से हवा का रुख पछुआ हो जाएगा और उसकी गति बढ़ जाएगी। इससे प्रदेश में तापमान 3-4 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे ठंड फिर से लौट सकती है।
Highlights
उत्तर प्रदेश में अचानक बदले मौसम से लोगों को ठंड का अनुभव हो रहा है। किसानों के लिए यह बारिश जहां फायदेमंद हो सकती है, वहीं तेज़ आंधी और ओलावृष्टि से नुकसान की आशंका भी बनी हुई है। अगले कुछ दिनों तक बादल और हवाओं का दौर जारी रहेगा, जिससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है।