UP Weather: वाराणसी में मौसम ने करवट ले ली है। शनिवार को तापमान में गिरावट आने के साथ ही कई इलाकों में बारिश भी हुई। वहीं कई इलाकों में बादल छाये हुए हैं। जिससे मौसम सुहावना हो गया।
शहरी के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम सुहावना होने के साथ ही यहां ठंडी हवाओं ने तापमान गिराने का काम किया है। इससे आमजन को काफी राहत महसूस हुई। मौसम में नमी आने से लोगों ने काफी राहत महसूस किया। नम हवाओं के चलते वाराणसी में तापमान 5 डिग्री नीचे आ गया है।
मानसून की सक्रियता के चलते आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है। इसके चलते शनिवार की सुबह आसमान में धूप-छांव का खेल जारी रहा। सुबह के वक्त धूप खिली थी, लेकिन दोपहर होते होते बादलों के चलते धूप बेअसर रही। धूप बेअसर होने और लू का प्रकोप समाप्त होने से तपिश से राहत जरूर मिली है, लेकिन उमस बढ़ गई है।
मौसम विशेषज्ञों की मानें तो आने वाले दिनों में मौसम ऐसा ही रहेगा। कभी धूप तो कभी बादल दिखाई देंगे। नमीयुक्त हवा चलती रहेगी। मानसून सक्रिय हो गया और बिहार में दस्तक दे दी है। इसके चलते वाराणसी व आसपास के इलाके में 25 जून तक पहुंचने के आसार हैं। उसके बाद अच्छी बारिश हो सकती है।
UP Weather: चंदौली में मानसून की एंट्री, कई इलाकों में जोरदार बारिश
चंदौली में वनांचल के ओर से शनिवार को मानसून ने प्रवेश किया। जिले के नौगढ़ और चकिया में एक घंटे तक जोरदार बारिश हुई। वहीं जनपद के अन्य क्षेत्रों में बदल छाये रहे। इसके साथ ही मौसम सुहाना हो गया और यहां का तापमान 2 डिग्री घटकर 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
चंदौली में मई के आखिरी सप्ताह से ही लोग प्रचंड गर्मी से जूझ रहे हैं। 28 और 29 मई को यहां पर तापमान में रिकॉर्ड दर्ज कराया था। दो दिनों में तापमान 47 डिग्री पहुंच गया था। इसके बाद मौसम में थोड़ी नरमी आई, लेकिन 13 जून से तापमान 46 और 47 डिग्री पर ही बना रहा। ऐसे में भीषण गर्मी से दहाई की संख्या में कई मौतें भी हुईं।
शनिवार को जिले का मौसम बदला और चकिया व नौगढ़ में एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इससे कुछ देर के लिए गर्मी से तो राहत मिली और ठंडक का एहसास हुआ। लेकिन बारिश खत्म होते ही फिर से उमस सताने लगी। वहीं चकिया और नौगढ़ के अलावा जिले के किसी भी क्षेत्र में बारिश नहीं हुई। हालांकि अभी बादल छाये हुए हैं। संभावना है कि अन्य क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो सकती है।