Varanasi: दालमंडी गली को चौड़ा करने का कार्य एक बार फिर से रफ्तार पकड़ चुका है। इस क्रम में शनिवार को 8वें मकान पर PWD की कार्रवाई हो रही है। पीडब्ल्यूडी द्वारा परचेज किए गए मकान को ध्वस्त किया जा रहा है। मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है और सुरक्षा के मद्देनजर मकान की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। इलाके में आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।

गौरतलब है कि नवंबर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की समीक्षा बैठक के बाद दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना (Varanasi) को मिशन मोड में लेने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद नवंबर 2025 में लगातार कार्रवाई करते हुए 6 मकानों को ध्वस्त किया गया था। हालांकि SIR स्कीम लागू होने के बाद करीब डेढ़ महीने तक यह कार्य रुका रहा, जिसे अब पुनः शुरू कर दिया गया है।
Varanasi: चार थानों की फोर्स, PAC और RRF तैनात
बुधवार को दालमंडी (Varanasi) स्थित मकान संख्या CK 43/113 को गिराने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। तीन मंजिला इस भवन के दो फ्लोर पहले ही ध्वस्त किए जा चुके हैं। शनिवार को इसी कड़ी में 8वें मकान पर बुलडोजर की कार्रवाई जारी है।

ध्वस्तीकरण को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मौके पर एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान की अगुवाई में चार थानों की पुलिस फोर्स, PAC और RRF तैनात है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विरोध की आशंका को देखते हुए सभी एंट्री प्वाइंट्स को सील कर दिया गया है।

मॉडल सड़क बनेगी दालमंडी गली
दालमंडी गली को वाराणसी (Varanasi) की मॉडल सड़कों में शामिल किया जाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 51वें काशी दौरे के दौरान इस परियोजना का शिलान्यास किया था। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए राज्य सरकार की ओर से 215.88 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसके तहत 186 भवन और दुकान स्वामियों को लगभग 191 करोड़ रुपये मुआवजे के रूप में दिए जाएंगे।

