वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वाराणसी क्षेत्र के 16 जनपदों में जिला अध्यक्ष और महानगर अध्यक्षों की सूची को लेकर अटकलों का दौर जारी है। पार्टी के करीबी सूत्रों के अनुसार, दिल्ली विधानसभा चुनाव और मिल्कीपुर उपचुनाव के कारण भाजपा कोर कमेटी की बैठक में देरी हुई, जिससे सूची जारी नहीं हो सकी। हालांकि, अब 3 से 6 फरवरी के बीच सूची जारी होने की संभावना प्रबल हो गई है।
इन 16 जनपदों में बदले जाएंगे BJP अध्यक्ष
भाजपा के वाराणसी क्षेत्र में वाराणसी, चंदौली, अमेठी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, जौनपुर, सोनभद्र, भदोही, प्रतापगढ़ समेत कुल 16 जनपदों में जिला और महानगर अध्यक्षों की नियुक्ति होनी है।
वर्तमान में वाराणसी जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा और महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय पार्टी में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में संगठन को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
जातीय समीकरण रहेगा अहम
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा इस बार भी सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए 10 प्रमुख सामाजिक वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की रणनीति बना रही है। पिछली बार भी जिला और महानगर अध्यक्षों की नियुक्ति में जातीय संतुलन साधने का प्रयास किया गया था, जिससे पार्टी को चुनावों में मजबूती मिली थी।
Highlights
अध्यक्षों की नियुक्ति पर सभी की नजरें टिकीं
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा अपनी सांगठनिक ताकत को मजबूत करने की कोशिश में जुटी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि वाराणसी क्षेत्र में जिला अध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी किसे सौंपी जाती है।