Varanasi: शहर के कचहरी चौराहे से संदहा मार्ग पर सड़क चौडीकरण के तहत बुलडोजर चलाया गया, जिन मकानों पर बुलडोज़र चला, उनमें हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी और 1980 मॉस्को ओलंपिक में भारत को गोल्ड दिलाने वाले पद्मश्री सम्मानित मोहम्मद शाहिद का मकान भी शामिल है। रविवार को प्रशासन ने बड़ा बुलडोज़र एक्शन लिया। इस कार्रवाई में करीब 13 मकानों को जमींदोज़ कर दिया गया।

हालांकि प्रभावित लोगों को पहले ही मुआवजा दिया जा चुका था। बावजूद इसके कई लोग मकान खाली नहीं कर रहे थे। एक हफ्ते पहले बाकायदा मुनादी कराकर उन्हें अंतिम नोटिस दिया गया था। चेतावनी की समयसीमा पूरी होने के बाद आज प्रशासन ने कार्रवाई की।

Varanasi: प्रशासन और पीड़ितों का यह रहा कहना
एडीएम सिटी आलोक वर्मा ने कहा- रोड चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है। जिनको हमने मुआवजा दे दिया है, वहां कार्रवाई की जा रही है। दिवंगत ओलंपियन और पद्मश्री मोहम्मद शाहिद (Varanasi) के घर तोड़ने की कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि उनके मकान में 9 शेयर थे। 6 लोगों ने मुआवजा ले लिया है। जबकि 3 लोगों ने स्टे कराया है तो उनके हिस्से को अभी छोड़ दिया गया है।

वहीं पीड़ितों का कहना रहा कि हम लोग ही इस घर में रहते हैं। सभी लोग अपना अलग घर बनवा चुके हैं। हमें तो बहुत कम मुआवजा मिला है। अब देखिए कहां जाते हैं। घर उजड़ने का दर्द कोई नहीं समझ सकता। यहां हमारी पीढ़ियों की यादें जुड़ी थीं। अब हमें फिर से नई शुरुआत करनी होगी।

बताते चलें कि कचहरी से संदहा तक सड़क चौड़ीकरण का यह प्रोजेक्ट लंबे समय से अटका हुआ था। संकरी सड़क (Varanasi) पर लगातार जाम और आवागमन की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने इसे प्राथमिकता दी। अभियान के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मकानों को खाली कराया गया और फिर बुलडोज़र चलाया गया।

