Varanasi Crime: नामी-गिरामी कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी तरीके से विज्ञापन कर युवक-युवतियों से धोखाधड़ी से पैसा लेने से सम्बन्धित मामले में वांछित अभियुक्त/अभियुक्ता एस०ओ०जी० व थाना शिवपुर की संयुक्त पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। साथ ही उनके पास से लैपटॉप, मोबाइल, पम्पलेट, पासबुक, रजिस्टर, ट्रेनिंग लेटर व अन्य उपकरण बरामद बरामद किए हैं। डीसीपी क्राइम चंद्रकांत मीणा ने इसका खुलासा किया। पुलिस इन दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्यवाही कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी नितिन कुमार उपाध्याय पुत्र चंद्रमणि उपाध्याय मूल रूप से सुल्तानपुर का रहने वाला है। वह पूर्वी दिल्ली में किराए का कमरा लेकर रहता था। वहीं आरोपी रेशमा वाराणसी के लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज की रहने वाली है। इन दोनों को पुलिस ने शिवपुर से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि यह दोनों विभिन्न कंपनियों जैसे पारले जी, बिस्लेरी, अमूल डेयरी तथा एयरपोर्ट में प्राइवेट नौकरी दिलवाने का पंपलेट छपवाकर प्रचार-प्रसार करते हैं। पंपलेट पर छपे मोबाईल नंबर पर जो भी बेरोजगार संपर्क करता है, उससे उसका मार्कशीट व अन्य डाक्युमेंट ऑनलाइन व्हाट्सएप पर मंगाकर नौकरी दिलाने का भरोसा देकर रुपया ले लेते हैं और फर्जी ज्वाइनिंग लेटर बनाकर व्हाट्सएप पर भेज देते हैं। इन लोगों की कंपनी कहीं रजिस्टर्ड नहीं है।
Varanasi Crime: चंदौली के नौकर के खाते में मंगवाते थे पैसा
बताया कि दोनों आरोपियों ने अपने साथ ऑफिस में चार अन्य लड़कियों को आफिस के कार्य हेतु छः-सात हजार रूपये प्रति महीने की नौकरी पर रखा हुआ है, जो लगभग 2 महीनों से कार्य कर रही हैं। कम समय में अधिक पैसा कमाने के लालच में फर्जी कंपनी खोल कर ये लोग बेरोजगारों को झांसे में लेते थे। उन्हें फर्जी ज्वाइनिंग ट्रेनिंग लेटर देकर पैसे अपने बैंक के खाता में और चंदौली के रहने वाले ऑफिस के नौकर संदीप के खाते में भी मंगवा लेते हैं। कभी-कभी अभियुक्त नितिन उपाध्याय अपने पिता के बैंक खाते में भी पैसा मंगवा लेता था।
ये सामान हुए बरामद
पुलिस ने गिरफ़्तारी में इनके पास से दो लैपटाप, एडाप्टर, पांच एण्ड्रायड मोबाईल, पांच की-पैड मोबाईल, दो बैंक पासबुक, एक बैनर, 2937 पंपलेट, एक लकड़ी का नेम प्लेट, एक रजिस्टर, 27 ज्वाइनिंग लेटर व ट्रेनिंग लेटर, एक लैंडलाइन फोनसेट, दो एयरटेल एक्सट्रीम फाइबर राउटर मय चार्जर बरामद किया है।

