Varanasi: रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी चौकी के अंतर्गत अमरा खैरा तिराहे के पास एक बीयर की दुकान के समीप अमन और प्रदीप राजभर की चाय-पान की दुकान है। बुधवार को संदीप उर्फ गोलू यादव नामक युवक सिगरेट के पैसे देने से इनकार करने पर दोनों दुकानदारों के साथ बहस में उलझ गया। बहस के दौरान मामला बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया, जिसमें गांव के लोगों ने हस्तक्षेप करते हुए संदीप को पीट दिया।
इससे नाराज होकर संदीप यादव लगभग आधे घंटे बाद एक देसी तमंचे के साथ वापस आया और दुकानदार पर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन गोली मिसफायर हो गई। इसके बाद, भागते हुए उसने एक और राउंड फायर किया और चितईपुर की ओर भाग निकला।
घटना की सूचना पर रोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची, साथ ही पुलिस के आलाधिकारी भी घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है। अमन और प्रदीप की मां, इंद्रावती देवी ने आरोप लगाया कि संदीप ने दो गोलियां चलाईं, जिनमें से एक का खोखा पुलिस ने बरामद किया है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी संदीप उर्फ गोलू यादव रोहनिया थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।

