Varanasi के दौरे पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा पहुंचे जिसके दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक वार्ड में निर्धारित समय पर कचरा उठान सुनिश्चित किया जाए तथा कहीं भी कूड़े का ढेर दिखाई न दे।

ऊर्जा मंत्री काशी के शिवपुर, सुषमा नगर कॉलोनी, गिलट बाजार, लक्ष्मणपुर एवं रघुवंशी नगर में कई किलोमीटर तक पैदल चलकर प्रातःकालीन सफाई व्यवस्था एवं डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन कार्य का विस्तृत निरीक्षण किया। मंत्री शर्मा ने विभिन्न गलियों और मुख्य मार्गों का जायजा लिया, जिससे व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी।

मंत्री शर्मा ने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर सफाई व्यवस्था के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील किया कि वे कूड़ा इधर-उधर न फेंकें और डोर-टू-डोर कलेक्शन व्यवस्था का पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही संभव है।


Varanasi: अधिकारियों को दिया निर्देश
इस अवसर पर मंत्री शर्मा (Varanasi ) ने सफाई मित्रों से मुलाकात कर उनके कार्य की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सफाई कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सफाई कर्मियों को आवश्यक उपकरण, सुरक्षा सामग्री और सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे सुरक्षित और प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें।

सड़क कार्य का किया निरीक्षण
इसके पश्चात मंत्री शर्मा ने सिगरा क्षेत्र में सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़क कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता एवं समय-सीमा की समीक्षा करते हुए कुछ स्थानों पर शेष रह गए इंटरलॉकिंग कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही पूरे किए जाएं।


मंत्री शर्मा ने संबंधित अधिकारियों (Varanasi ) को यह भी निर्देशित किया कि कार्य के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसके लिए निरंतर निरीक्षण एवं जवाबदेही आवश्यक है। निरीक्षण कार्यक्रम (Varanasi ) के दौरान मंत्री एके शर्मा ने नगर निगम कार्यालय के समीप वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और विकास के साथ-साथ हरित वातावरण भी उतना ही आवश्यक है। बढ़ते शहरीकरण के बीच पर्यावरण संतुलन बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।


इस अवसर पर मेयर अशोक कुमार तिवारी,नगर आयुक्त श्री हिमांशु नागपाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



