Varanasi News: शहर के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित नई बस्ती पांडेयपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई। 21 वर्षीय युवक करन कुमार ने परिजनों से नाराज होकर घर से निकलने के बाद कुएं में छलांग लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करन घर से बाहर निकलने के बाद बैजनाथ इंटर कॉलेज की बाउंड्री के पास कुछ देर टहलता रहा। इसके बाद वह पास ही स्थित (Varanasi News) एक पुराने कुएं की ओर गया और मौके पर अकेला पाकर उसमें कूद गया। कुएं में गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और परिजनों को सूचना दी।
तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की, लेकिन कुआं पुराना होने के साथ ही उसमें जहरीली गैस की आशंका थी, जिसके कारण रेस्क्यू में दिक्कतें आईं। इसके बाद पुलिस ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम को बुलाया। चौकाघाट से पहुंची NDRF की टीम ने सुरक्षा इंतजामों के बीच कुएं में उतरकर युवक को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं।
Varanasi News: मानसिक बीमारी से चल रहा था इलाज
करन के पिता संजय कुमार ने बताया कि वह लंबे समय से मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा था और उसका इलाज एक मानसिक चिकित्सकीय संस्थान में चल रहा था। मंगलवार सुबह अचानक वह घर से बाहर निकल गया और यह कदम उठा लिया।

