Varanasi News: त्योहारों के मद्देनजर चल रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार देर रात कैंट रोडवेज के बाहर सिगरा थाना पुलिस ने एक कार से 11 कुंतल चांदी बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.85 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने मौके से कार चालक और एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो लोडर वाहन भी कब्जे में लिए गए हैं।
मौके पर पहुंची आयकर विभाग (Varanasi News) की टीम ने बरामद चांदी और गिलट (अशुद्ध चांदी के टुकड़े) को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में अब तक किसी ने भी इस चांदी पर स्वामित्व का दावा नहीं किया है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
Varanasi News: सीसीटीवी फुटेज खंगालना हुआ शुरू
डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि आयकर विभाग पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर रहा है। वहीं पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि चांदी कहां से लाई गई थी और इसे कहां भेजा जाना था।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में की गई थी। पुलिस (Varanasi News) का अनुमान है कि इतनी बड़ी मात्रा में बरामद चांदी किसी व्यापारी या तस्करी गिरोह से जुड़ी हो सकती है। फिलहाल, बरामदगी की पूरी कड़ी को जोड़ने और इसके स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

