Varanasi में नए साल को लेकर शानदार जश्न की तैयारी शुरू हो गयी है। वहीं 31 दिसम्बर और 1 जनवरी के लिए शहर के सभी छोटे-बड़े होटलों में कमरों की बुकिंग एक महीने पहले से ही हो रही थी। अब छोटे लॉज में भी जगह नही मिल रही है। वाराणसी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष गोकुल शर्मा के मुताबिक, नए साल पर होटल और रेस्टोरेंट से 100 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का अनुमान है।
होटलों पर लटका हाउस फुल का बोर्ड
नए साल में उमड़ी इस भीढ़ को देखकर कई लॉज और होटल कमरों के रेट दो गुना बढ़ा दिए है। कई होटलों (Varanasi) के बहार हाउसफुल का बोर्ड भी लटका दिया है। आम दिनों में 1000 रुपये में मिलने वाले कमरे अब 2200 रुपये में मिल रहे हैं। वहीं जश्न के माहौल को देखते हुए होटल ग्राहकों को कई तरह के पैकेज भी दे रहे हैं।
Varanasi:लाखों में मिल रहे होटलों के कमरे
आपको बता दें कि गंगा किनारे स्थित हेरिटेज होटलों और “रिवर व्यू” कमरों की स्थिति और भी चौंकाने वाली है। ऑनलाइन साइट्स के मुताबिक, घाटों के किनारे स्थित कुछ चुनिंदा होटलों (Varanasi) में एक रात की बुकिंग का किराया 1 लाख रुपये तक पहुंच गया है, जो सामान्य दिनों में 60 से 70 हजार रुपये के बीच रहता था। इसी तरह शहर के और भी प्रसिद्ध जगहों पर सामान्य दिनों के मुताबिक रेट में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है.
नए साल की पूर्व संध्या के लिए खास तैयारी
इवेंट प्लानर अर्पित सिंह बताते हैं कि नए साल की पूर्व संध्या को खास बनाने के लिए होटलों और रेस्टोरेंट्स (Varanasi) ने विशेष तैयारियां की हैं। कई स्थानों पर डीजे नाइट्स, लाइव म्यूजिक, पारंपरिक लोक नृत्य और लजीज व्यंजनों के विशेष बुफे रखे गए हैं। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए होटलों ने “स्टे एंड डाइन” जैसे कई आकर्षक कॉम्बो पैकेज भी पेश किए हैं। अधिकांश रेस्टोरेंट्स में डिनर टेबल पहले से ही रिजर्व हो चुकी हैं।
वाराणसी में नए साल के जश्न का लाभ केवल होटल मालिकों तक सीमित नहीं है। दो दिनों के इस उत्सव में स्थानीय स्ट्रीट फूड वेंडर्स, ई-रिक्शा चालकों, नाव संचालकों और हस्तशिल्प व्यापारियों का कारोबार भी चमक उठा है। घाटों पर सुबह की आरती से लेकर रात के जश्न तक, हर जगह पर्यटकों की मौजूदगी ने व्यापार को गति दी है। शहर में वर्तमान में प्रतिदिन 3 लाख से अधिक पर्यटक आ रहे हैं। मंदिरों से लेकर घाटों और पर्यटन स्थलों पर चहल-पहल बढ़ गई है।

