वाराणसी (Varanasi) के बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ चौकी अंतर्गत रिंग रोड फेज 2 पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। करीब 10:30 बजे हल्दिया से गैस लेकर लखनऊ की ओर जा रहे एक टैंकर ने लखनऊ की दिशा में मुड़ते समय सर्विस लेन से गुजर रहे स्कूटी सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में स्कूटी चला रहे सुलभ चौबे (19) निवासी बाबतपुर नियार, थाना चोलापुर, की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी पर पीछे बैठे ईशु सिंह (22) गंभीर रूप से घायल हो गए।
Varanasi: पुलिस ने टैंकर चालक को लिया हिरासत में
दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए टैंकर चालक महिपाल, निवासी वारसौली, थाना नोहजिल, जिला मथुरा, को पकड़कर बड़ागांव पुलिस (Varanasi) को सौंप दिया। बड़ागांव पुलिस ने टैंकर और उसके चालक को अपनी हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

वहीं घायल ईशु सिंह को हरहुआ के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं, मृतक सुलभ चौबे के शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताते चलें कि घटना के बाद से रिंग रोड चौराहे पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस ने यातायात को सामान्य करने के लिए अतिरिक्त प्रयास किए। मामले की जांच जारी है, और पुलिस टैंकर चालक की जिम्मेदारी और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है।


Comments 1