Varanasi: उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा का दूसरा दिन रविवार को वाराणसी में कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच शुरू हुआ। जिले में बनाए गए 46 परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुबह से ही भीड़ देखने को मिली। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की गई, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।
कड़ी जांच के बाद ही मिला प्रवेश
परीक्षा केंद्रों (Varanasi) पर अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक ही प्रवेश दिया गया। इसके बाद केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए। प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक सत्यापन के साथ हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) से जांच और फ्रिस्किंग की गई। चेकिंग के दौरान अभ्यर्थियों से जूते और मोजे भी उतरवाए गए। कई परीक्षार्थी जूते हाथ में लेकर केंद्र के अंदर जाते दिखाई दिए।
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की अंगूठी, चेन, माला, कलावा, हेयर क्लिप, ईयर रिंग्स या अन्य आभूषण पहनकर प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई। मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और पेन ले जाने की ही अनुमति दी गई।
Varanasi: सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस की तैनाती
एडीएम प्रशासन आलोक वर्मा ने बताया कि जिले के सभी 46 परीक्षा केंद्रों (Varanasi) पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए बड़ी संख्या में कक्ष निरीक्षकों की भी तैनाती की गई है।
प्रशासन के अनुसार जिले में कुल 38,880 अभ्यर्थियों का पंजीकरण हुआ है। पहले दिन आयोजित परीक्षा में 19,933 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जबकि 18,947 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। दूसरे दिन भी परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए प्रशासन की ओर से कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं।

