Varanasi, Chaubepur: शहर के चौबेपुर क्षेत्र में मंगलवार की तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। ढकवा गांव निवासी आकाश निषाद रोज़ाना की तरह साइकिल से मोलनापुर स्थित जूनियर हाई स्कूल के मैदान में दौड़ लगाने जा रहा था। वह अग्निवीर भर्ती की तैयारी के तहत प्रतिदिन सुबह अभ्यास करता था।

इसी दौरान गाजीपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात डंपर ने सड़क किनारे चल रहे आकाश को टक्कर मार दी और उसे कुचलते हुए फरार हो गया। डंपर की चपेट में आने से आकाश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

Varanasi: परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल
मृतक आकाश निषाद पुत्र कमला निषाद इंटरमीडिएट पास था और सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। वह तीन बहनों और एक भाई में घर का इकलौता था। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। पिता रोज़गार के सिलसिले में पिछले वर्ष दुबई गए थे,जबकि आकाश घर पर रहकर फौज में जाने का सपना संजोए मेहनत कर रहा था। हादसे की सूचना (Varanasi) मिलते ही मां आशा देवी बदहवास हो गईं। बेटे का शव देखते ही उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घर का इकलौता चिराग बुझने से पूरा परिवार टूट गया और ढकवा गांव में शोक की लहर दौड़ गई।घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने वाराणसी–गाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (Varanasi) पर जाम लगा दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। करीब दो घंटे तक हाईवे जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बसों में फंसे यात्री ठंड में घंटों हलकान रहे, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सूचना पर थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार, कैथी चौकी प्रभारी तथा मौके पर पहुंचे ढकवा ग्राम प्रधान विनोद निषाद ने परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद सुबह करीब साढ़े सात बजे जाम समाप्त कराया जा सका। पुलिस (Varanasi) ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार डंपर की पहचान कर कार्रवाई की जा सके।

